बिरकोना रोड पर सरकंडा पुलिस की घेराबंदी में नशे की बड़ी खेप बरामद 1.04 लाख की ऑनरेक्स जब्त दो गिरफ्तार दो सप्लायर फरार…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] प्रतिबंधित और नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ सरकंडा पुलिस ने बड़ा शिकंजा कसते हुए कार की डिक्की में छिपाकर ले जाई जा रही 520 नग ऑनरेक्स कफ सिरप की खेप पकड़ ली। बिरकोना रोड स्थित गैस गोदाम के पास पुलिस की घेराबंदी में कार रुकते ही जब डिक्की खुली तो अंदर प्रतिबंधित कफ सिरप की बड़ी खेप देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि सप्लाई करने वाले बताए जा रहे दो आरोपी फरार हैं।
जब्त कफ सिरप की अनुमानित कीमत 1 लाख 4 हजार 780 रुपये बताई गई है। पुलिस ने सिरप के अलावा कार और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। बरामद सिरप का कुल वजन करीब 85.02 किलोग्राम बताया गया है।
मुखबिर की सूचना… और बिछ गया पुलिस का जाल
पुलिस के अनुसार 7 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कार के जरिए प्रतिबंधित कफ सिरप की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस सक्रिय हुई और बिरकोना रोड स्थित गैस गोदाम के पास घेराबंदी कर दी।
इसी दौरान काले रंग की कार क्रमांक CG 04 QD 9753 पुलिस के घेरे में आ गई। कार की तलाशी ली गई तो डिक्की में 520 नग ऑनरेक्स कफ सिरप बरामद हुआ। आरोपियों से जब प्रतिबंधित दवा रखने और उसकी बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
कार में छिपी थी 1.04 लाख की खेप
पुलिस ने मौके से बरामद पूरी खेप को जब्त कर लिया। कफ सिरप की कीमत करीब 1,04,780 आंकी गई है। इसके साथ परिवहन में इस्तेमाल कार और तीन मोबाइल फोन भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिए।

दो गिरफ्तार, दो सप्लायर फरार:-
मामले में पुलिस ने मिथुन बघेल (28), निवासी ग्राम भुंडा, थाना कोटा और अमन कुमार चौबे (26), निवासी गनियारी बाजारपारा, थाना कोटा को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में राजा भोई और नीरज पटेल के नाम सामने आए हैं। पुलिस के मुताबिक दोनों फरार आरोपी प्रतिबंधित कफ सिरप उपलब्ध कराने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस अब दोनों की तलाश में जुटी है।
NDPS एक्ट में कार्रवाई, नेटवर्क खंगाल रही पुलिस:-
सरकंडा पुलिस ने मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 22 और 29 के तहत अपराध दर्ज किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
अब पुलिस का फोकस इस बात पर है कि नशे की यह बड़ी खेप आखिर आई कहां से थी और इसे बिलासपुर में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद इस पूरे सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आने की उम्मीद है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
कार्रवाई डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में सरकंडा पुलिस टीम द्वारा की गई।

