महिला की पहचान और मौत की वास्तविक वजह जानने में जुटी पुलिस…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम पेंडारी में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब मुरुम खदान में बने तालाब के पानी में एक अज्ञात महिला का शव तैरता हुआ मिला। पानी में शव दिखाई देने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
जानकारी के अनुसार, पेंडारी स्थित मुरुम खदान के तालाब में ग्रामीणों की नजर पानी में तैर रहे शव पर पड़ी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सकरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया।
महिला की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई और वह खदान के तालाब तक कैसे पहुंची, इसे लेकर फिलहाल रहस्य बना हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए महिला की पहचान के लिए आसपास के गांवों और क्षेत्रों में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।

पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल से जुड़े संभावित सुरागों की भी जांच कर रही है। महिला की मौत हादसा है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, इसका खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल एक अज्ञात महिला की लाश मिलने से पेंडारी क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं, वहीं पुलिस महिला की पहचान और मौत की वास्तविक वजह पता लगाने में जुटी हुई है।

