शरीर पर मिले जलने के दो गहरे निशान…!
चाचा हिरासत में पूछताछ जारी…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] कोनी थाना क्षेत्र के ग्राम घुटकू से एक बेहद मार्मिक और संवेदनशील मामला सामने आया है। महज दो वर्ष की मासूम बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बच्ची के हाथ, पीठ और पैरों पर जलने के गहरे निशान मिलने से मामला गंभीर और संदिग्ध हो गया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के मुताबिक, बच्ची और उसकी मां के लापता होने के बाद परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजनों ने बच्ची के चाचा पर उसकी भाभी और दो वर्षीय बच्ची को अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया था।

इसके बाद बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की जानकारी सामने आई।
बच्ची के शरीर की जांच में हाथ, पीठ और पैरों पर बर्न के गहरे निशान पाए गए। इन निशानों ने मासूम की मौत को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों ने बच्ची के साथ प्रताड़ना किए जाने की आशंका भी जताई है। हालांकि, इन आरोपों की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

चाचा हिरासत में पूछताछ जारी:-
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोनी थाना पुलिस ने बच्ची के चाचा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बच्ची की मौत किन परिस्थितियों में हुई, उसके शरीर पर जलने के निशान कैसे आए और घटना के पीछे वास्तविक वजह क्या थी।
मासूम की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। जिस उम्र में बच्ची की दुनिया खेल, मुस्कान और अपनों के बीच प्यार से भरी होनी चाहिए थी, उसी उम्र में उसकी जिंदगी का इस तरह खत्म होना कई सवाल छोड़ गया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। बच्ची की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

