4.20 लाख रुपये का माल जब्त रतनपुर पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम ने दी दबिश NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई कर आरोपी को भेजा न्यायिक रिमांड…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में रतनपुर पुलिस और एसीसीयू (ACCU) की संयुक्त टीम ने ग्राम जाली में छापेमार कार्रवाई करते हुए गांजे के अवैध कारोबार का खुलासा किया है। पुलिस ने एक आरोपी के कब्जे से 8 किलो 185 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत 4 लाख 9 हजार रुपये बताई गई है, बरामद किया है। इसके अलावा आरोपी का एक वीवो मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 4 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है।
मुखबिर की सूचना पर चाचा के घर में दी दबिश
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 को रतनपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम जाली के संवरापारा निवासी भंवर सिंह नेताम अपने चाचा के घर में भारी मात्रा में गांजा रखकर उसकी अवैध बिक्री कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए रतनपुर पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 8.185 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने गांजे के साथ एक वीवो मोबाइल फोन भी जब्त किया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई-:
पुलिस ने आरोपी भंवर सिंह नेताम (45 वर्ष), निवासी संवरापारा जाली, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर के खिलाफ मादक पदार्थों से संबंधित एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई
जिले में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह, डीएसपी क्राइम सुदीप सरकार तथा एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रतनपुर निरीक्षक निलेश कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए टीम गठित की गई थी।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका-:
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रतनपुर प्रशिक्षु उपनिरीक्षक प्रतिभा पटेल, सहायक उपनिरीक्षक पवन सिंह, आरक्षक देवानंद चंद्राकर, आकाश डोंगरे, उपनिरीक्षक हेमंत आदित्य, प्रधान आरक्षक राहुल सिंह एवं प्रमोद सिंह तथा आरक्षक रविशंकर यादव, प्रेम सूर्यवंशी, महेत्तर कश्यप और मुकेश सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा।
रतनपुर पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।

