35 बिंदुओं की चेकलिस्ट के अनुरूप होगी तैयारी, PCSAP में सटीक एंट्री और L4-L5 ग्रेडिंग पर जोर…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, बिलासपुर में शुक्रवार, 16 अक्टूबर को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की 130 सहकारी समितियों के समिति प्रबंधकों और कंप्यूटर ऑपरेटरों को धान खरीदी की प्रारंभिक तैयारियां समय रहते पूरी करने तथा शासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के सीईओ प्रभात मिश्रा ने स्पष्ट किया कि धान खरीदी की तैयारियां पूरी तरह पुख्ता होनी चाहिए, ताकि खरीदी शुरू होने के बाद किसी तरह की अव्यवस्था या परेशानी की स्थिति निर्मित न हो। उन्होंने सभी समितियों को व्यवस्थाओं की समय रहते समीक्षा कर आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
35 बिंदुओं की चेकलिस्ट के अनुरूप करनी होगी तैयारी-:
बैंक के नोडल अधिकारी आशीष दुबे ने समिति प्रबंधकों और कंप्यूटर ऑपरेटरों को शासन द्वारा निर्धारित 35 बिंदुओं वाली चेकलिस्ट के अनुसार उपार्जन केंद्रों की तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने विशेष रूप से PCSAP पोर्टल पर उपार्जन केंद्रों द्वारा की जाने वाली प्रत्येक एंट्री को सटीक और त्रुटिरहित रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सभी समितियों को L4 अथवा L5 ग्रेडिंग के निर्धारित स्तर तक पहुंचना है। धान खरीदी के संबंध में शासन द्वारा जारी निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाए। खरीदी प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
शासन की महत्वाकांक्षी योजना, जिम्मेदारी से करें काम-:
खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर ने समिति प्रबंधकों को निर्देशित किया कि धान खरीदी शासन की अत्यंत महत्वाकांक्षी योजना है। इसलिए इसकी तैयारियों से लेकर खरीदी के सुचारू संचालन तक प्रत्येक स्तर पर गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा। उन्होंने सभी केंद्रों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होने देने पर जोर दिया।
वहीं, जिला विपणन अधिकारी उपेंद्र कुमार ने भी समिति प्रबंधकों और कंप्यूटर ऑपरेटरों को धान खरीदी के सुचारू संचालन से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में तैयारियों की गुणवत्ता, निर्धारित मानकों के पालन और कंप्यूटर आधारित प्रविष्टियों की शुद्धता को महत्वपूर्ण बताया गया।

अधिकारियों ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
बैठक में सीईओ सीसीबी प्रभात मिश्रा, नोडल अधिकारी आशीष दुबे, खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर, जिला विपणन अधिकारी उपेंद्र कुमार, प्रोग्रामर श्रीमती इशिता दुबे, सहकारिता निरीक्षक दुर्गेश साहू, कैलाश कश्यप सहित समिति प्रतिनिधि कमल पटनवार, रुद्र तिवारी, रूपवंत सिंह, विनोद सिंह, संतोष यादव, आशीष चंद्राकर, भगवान सिंह और अरुण कौशिक उपस्थित रहे। इसके अलावा जिले की विभिन्न समितियों के प्रबंधक एवं कंप्यूटर ऑपरेटर भी बैठक में शामिल हुए।

