नवरात्रि में कानून-व्यवस्था बनाए रखने पुलिस की कार्रवाई दो स्टील चाकू बरामद…आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिल्हा नवरात्रि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने बिल्हा पुलिस ने सरप्राइज चेकिंग के दौरान चाकू लहराते दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो स्टील चाकू बरामद किए हैं। घटना में प्रयुक्त डिलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 BR 5190 को भी जब्त किया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
डोडकीभाठा मोड़ पर चेकिंग के दौरान पकड़े गए युवक:-

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बिलासपुर के उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने नवरात्रि के दौरान जिले में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए सभी थाना और चौकी प्रभारियों को सरप्राइज चेकिंग करने तथा अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश जोशी के मार्गदर्शन में बिल्हा पुलिस की टीम 18 अक्टूबर 2026 को डोडकीभाठा मोड़ के पास संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी।
इसी दौरान मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 BR 5190 पर सवार एक युवक और पैदल जा रहा दूसरा युवक चाकू लेकर लहराते नजर आए। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान आकाश सारथी और मनीष सागर के रूप में हुई।

दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई-:
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो स्टील चाकू और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की। मामले में आकाश सारथी के खिलाफ अपराध क्रमांक 556/2026 तथा मनीष सागर के खिलाफ अपराध क्रमांक 557/2026 दर्ज किया गया है। दोनों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
कार्रवाई में इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका:-
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप निरीक्षक आकाश कुमार बंजारे, निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, सहायक उप निरीक्षक राकेश टाण्डे, प्रधान आरक्षक अमर चन्द्रा तथा आरक्षक प्रताप साहू एवं नरसिंह राज का विशेष योगदान रहा।
बिल्हा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संदिग्ध गतिविधियों और अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

