पुरानी रंजिश के चलते बच्ची को जबरन उठाकर ले जाने की कोशिश कर रहे पड़ोसी युवक ने दिया घटना को अंजाम गिरफ्तार…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] घर में खेल रही तीन साल की मासूम बच्ची को बचाने के लिए आगे आई दादी को अपनी जान गंवानी पड़ी। पुरानी रंजिश के चलते बच्ची को जबरन उठाकर ले जाने की कोशिश कर रहे पड़ोसी युवक ने दादी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला ने सिम्स अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना सकरी का मामला है, 17 अक्टूबर की रात करीब 8:30 बजे प्रशांत शुक्ला (26) पड़ोस के घर में खेल रही तीन साल की बच्ची को धारदार हथियार के साथ जबरन उठाकर ले जाने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान बच्ची की मां और दादी राजकुमारी यादव की नजर उस पर पड़ गई। मासूम को बचाने के लिए दादी ने युवक को रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन पर ही चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए।

दादी की चीख-पुकार सुनकर पहुंचे लोग, अस्पताल में तोड़ा दम-:
चाकू के हमले से राजकुमारी यादव गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख आरोपी वहां से फरार हो गया। परिजन आनन-फानन में घायल महिला को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुरानी रंजिश बनी खूनी वारदात की वजह
बताया जा रहा है कि आरोपी प्रशांत शुक्ला पड़ोस में ही रहता है और किसी न किसी बात को लेकर पीड़ित परिवार से उसका विवाद होता रहता था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पुरानी रंजिश के चलते वह तीन साल की बच्ची को नुकसान पहुंचाने की नीयत से उसे ले जाने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान बच्ची को बचाने पहुंची दादी पर उसने जानलेवा हमला कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रशांत शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

