वारदात के बाद फरार आरोपी कोरबा से गिरफ्तार…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर पत्नी और रितिक कश्यप के बीच अवैध संबंध होने के शक में रंजिश पाल रहे एक व्यक्ति ने कथित तौर पर युवक की हत्या करने की कोशिश की। बटनदार चाकू से पेट, सीने और बाएं हाथ की कोहनी के पास हमला करने के बाद आरोपी फरार हो गया था। सीपत पुलिस ने लगातार पतासाजी करते हुए आरोपी को कोरबा के घंटाघर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया बटनदार चाकू भी बरामद किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
वारदात के बाद से फरार था आरोपी-:
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम मुड़पार भाठापारा निवासी समीर कुर्मी (19) ने सीपत थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 1 सितंबर 2026 की रात करीब 8 बजे रमाशंकर सिदार ने उसके भाई रितिक कश्यप पर जान से मारने की नीयत से बटनदार चाकू से हमला किया। आरोपी ने रितिक के पेट, सीने और बाएं हाथ की कोहनी के पास वार कर उसे घायल कर दिया था। शिकायत के आधार पर सीपत पुलिस ने संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की।
पत्नी से संबंध के शक में पाल रखी थी रंजिश
पुलिस की पूछताछ में आरोपी रमाशंकर सिदार ने कथित तौर पर बताया कि उसे अपनी पत्नी और घायल रितिक कश्यप उर्फ करन के बीच अवैध संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर वह रितिक से रंजिश रखता था और उसे जान से मारने का मौका तलाश रहा था। पुलिस के अनुसार, इसी रंजिश के चलते आरोपी ने 1 सितंबर को रितिक पर बटनदार चाकू से हमला किया था।
कोरबा के घंटाघर से दबोचा गया आरोपी:-
हत्या के प्रयास के मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में सीपत थाना प्रभारी ने टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की।
घटना के बाद से फरार चल रहे रमाशंकर सिदार के कोरबा के घंटाघर क्षेत्र में मौजूद होने की सूचना पुलिस को मुखबिर से मिली। इसके बाद तत्काल पुलिस टीम कोरबा रवाना की गई। टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया और हिरासत में लेकर सीपत थाने पहुंची।
चाकू बरामद, न्यायिक रिमांड पर जेल
पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया बटनदार चाकू बरामद किया। गिरफ्तारी की कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी रमाशंकर सिदार (45), निवासी मुड़पार मौहारपारा, थाना सीपत, जिला बिलासपुर को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस की आगे की विवेचना जारी है।


