पुलिस स्मृति दिवस पर आईजी रामगोपाल गर्ग ने किया शहीदों की नामावली का वाचन एसएसपी भोजराम पटेल सहित पुलिस अधिकारियों ने वीर जवानों के त्याग और शौर्य को किया नमन शहीद परिवारों का किया सम्मान…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] देश की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और आम नागरिकों की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों के जवानों का बलिदान राष्ट्र के इतिहास में सदैव स्वर्णाक्षरों में अंकित रहेगा। उनकी वीरता, कर्तव्यनिष्ठा और मातृभूमि के प्रति समर्पण हर भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है। इसी गौरवपूर्ण बलिदान को नमन करने के लिए बुधवार को द्वितीय वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, सकरी-बिलासपुर के परेड ग्राउंड में पुलिस स्मृति दिवस का आयोजन किया गया। यहां शहीद जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर सलामी दी गई और उनके परिजनों का सम्मान कर राष्ट्र की ओर से कृतज्ञता व्यक्त की गई।

कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग ने 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक देशभर में कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों के जवानों की नामावली का वाचन किया। इसके साथ ही वीर शहीदों के अदम्य साहस, त्याग और राष्ट्रसेवा को नमन किया गया। परेड में शामिल पुलिस एवं सुरक्षा बलों के जवानों ने अनुशासित कदमताल के साथ शहीदों को सलामी देकर उनके सर्वोच्च बलिदान के प्रति सम्मान प्रकट किया।
शहीद परिवारों का सम्मान, त्याग के प्रति कृतज्ञता-:
पुलिस स्मृति दिवस का सबसे भावुक क्षण वह रहा, जब आईजी रामगोपाल गर्ग ने शहीद जवानों के परिजनों से आत्मीय मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और उन्हें सम्मानित किया। जिन परिवारों ने देश की रक्षा के लिए अपने प्रियजनों को खोया, उनके त्याग और धैर्य के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए पुलिस विभाग ने यह संदेश दिया कि शहीदों का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। शहीदों की वीरगाथाएं और उनके परिवारों का समर्पण आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।
एसएसपी भोजराम पटेल की गरिमामय:-

उपस्थिति, पुलिस बल ने किया वीरों को नमन
कार्यक्रम में मुंगेली के उप पुलिस महानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल की गरिमामय उपस्थिति रही।

उनके साथ बिलासपुर के उप पुलिस महानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह सहित पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। पुलिस बल के अधिकारियों और कर्मचारियों की सहभागिता ने इस आयोजन को अनुशासन, एकजुटता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक बनाया।

एसएसपी भोजराम पटेल सहित उपस्थित अधिकारियों ने शहीद जवानों की स्मृति को नमन करते हुए पुलिस सेवा के मूल दायित्व
जनता की सुरक्षा, कानून का पालन और संकट की घड़ी में नागरिकों की रक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया। पुलिस स्मृति दिवस केवल शहीदों को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि उनके दिखाए साहस और कर्तव्यनिष्ठा के मार्ग पर चलने का संकल्प लेने का दिन भी है।

अनुशासित परेड ने बढ़ाया आयोजन का गौरव
समारोह में जिला पुलिस बल बिलासपुर, जिला पुलिस बल मुंगेली, द्वितीय वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल सकरी-बिलासपुर, नगर सेना बिलासपुर तथा जिला जेल बिलासपुर की प्लाटूनों ने परेड में भाग लिया। अनुशासित परेड और सलामी के माध्यम से वीर जवानों के शौर्य, त्याग और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण को सम्मान दिया गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह, मुंगेली एसएसपी भोजराम पटेल, द्वितीय वाहिनी की सेनानी प्रतिभा पाण्डेय, सेवानिवृत्त पुलिस उप महानिरीक्षक पी.एस. ठाकुर, एच.आर. मनहर एवं टी. एक्का, सेवानिवृत्त पुलिस अधीक्षक सी.डी. टण्डन, जिला सेनानी दीपांकुरनाथ सैमुअल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी तथा शहीद जवानों के परिजन उपस्थित रहे।

शहादत को सलाम, राष्ट्रसेवा का संकल्प
पुलिस स्मृति दिवस उन वीर जवानों के प्रति राष्ट्र की कृतज्ञता का प्रतीक है, जिन्होंने कर्तव्य निभाते हुए अपने जीवन की परवाह नहीं की। उनका सर्वोच्च बलिदान यह याद दिलाता है कि देश की सुरक्षा और नागरिकों की शांति के पीछे वर्दीधारी जवानों का अदम्य साहस और अथक समर्पण है। शहीद कभी मरते नहीं, वे राष्ट्र की चेतना में सदैव जीवित रहते हैं। उनकी वीरता, त्याग और राष्ट्रसेवा की अमर गाथा पुलिस बल को निरंतर प्रेरणा देती रहेगी।

