दो अलग-अलग मामलों में नाबालिक सहित पाँच आरोपी गिरफ्तार…
92 हजार की बाइक बरामद…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] शहर में वाहन चोरों के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सकरी पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी की दो अलग-अलग वारदातों का खुलासा करते हुए दो चोरी की बाइक बरामद की हैं। इन मामलों में चार वयस्क आरोपियों और एक अपचारी बालक सहित कुल पांच लोगों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है। बरामद मोटरसाइकिलों की कुल अनुमानित कीमत करीब 92 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी की घटनाओं में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंदे के नेतृत्व में सकरी पुलिस ने दोनों मामलों की जांच की। शिकायतों के आधार पर संदेहियों से पूछताछ की गई। जांच के दौरान मिले सुराग और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद चोरी की दोनों मोटरसाइकिलें बरामद कर ली गईं।
पहली वारदात में एचएफ डीलक्स चोरी, दो आरोपी पकड़ में आए:-
सकरी थाना क्षेत्र में आशु कुमार यादव की हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 AS 6106 चोरी हो गई थी। शिकायत मिलने पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 852/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान संदेहियों से पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई।
इस मामले में मयंक उपाध्याय (21 वर्ष), निवासी सैदा जुनापारा, थाना सकरी, तथा हर्ष वैष्णव उर्फ अवि (19 वर्ष), निवासी ग्राम सैदा, दीनदयाल कॉलोनी, थाना सकरी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।
दूसरी वारदात में पल्सर बरामद, नाबालिग भी कार्रवाई के दायरे में:-

दूसरे मामले में अटल आवास, सकरी निवासी नितेश महलांगे की बजाज पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 CE 7839 चोरी हुई थी। इस बाइक की अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 981/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना और पूछताछ के दौरान अभिषेक सिंह (22 वर्ष), निवासी कुदुदंड, लव सिंह गली, थाना सिविल लाइन, तथा अखिलेश्वर कीर्ति उर्फ कक्कू (20 वर्ष), निवासी नेहरू नगर, थाना सिविल लाइन की संलिप्तता सामने आई। इस मामले में एक अपचारी बालक के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने चोरी की बजाज पल्सर मोटरसाइकिल बरामद कर ली।
चोरी पर अंकुश लगाने पुलिस की कार्रवाई जारी
वाहन चोरी की घटनाएं आम नागरिकों के लिए आर्थिक नुकसान और परेशानी का कारण बनती हैं। ऐसे मामलों में त्वरित शिकायत, सघन जांच और संदिग्धों से पूछताछ के जरिए चोरी के वाहनों की बरामदगी अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। सकरी पुलिस की इस कार्रवाई में दो अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए चोरी की दोनों मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका:-
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंदे, उपनिरीक्षक गणेश राम महिलांगे, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक टीकाराम निषाद, प्रधान आरक्षक सिद्धार्थ पाण्डेय, वरिष्ठ आरक्षक नर्मदा साहू और आरक्षक पवन बंजारे की सराहनीय भूमिका रही।

