उसलापुर रेलवे स्टेशन राजेंद्र नगर और तेलीपारा से चोरी हुई तीन गाड़ियों के मामलों की जांच में जुटी पुलिस….
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] न्यायधानी में वाहन चोरों के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और थाना सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम ने वाहन चोरी के मामलों में कार्रवाई करते हुए आरोपी अरविंद दिवाकर को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब शहर के अलग-अलग इलाकों से चोरी हुई तीन होंडा एक्टिवा के मामलों की जांच कर रही है। इनमें उसलापुर रेलवे स्टेशन, राजेंद्र नगर और तेलीपारा क्षेत्र से वाहन चोरी की घटनाएं शामिल हैं।
तीन अलग-अलग घटनाओं ने बढ़ाई जांच की अहमियत-:
पुलिस के अनुसार, वाहन चोरी का पहला मामला उसलापुर रेलवे स्टेशन के बाहर का है। यहां 15 मई 2026 को होंडा एक्टिवा 125, पंजीयन क्रमांक CG28V0969 चोरी हो गई थी। इस संबंध में 16 मई को थाना सिविल लाइन में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
दूसरी घटना राजेंद्र नगर स्थित किरण कुंज हॉस्टल के सामने की है। 19 अक्टूबर 2026 को हॉस्टल के गेट के सामने खड़ी पर्ल व्हाइट रंग की होंडा एक्टिवा, पंजीयन क्रमांक CG12BW5746, चोरी हो गई थी। मामले में 23 अक्टूबर को रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
वहीं तीसरा मामला थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के तेलीपारा का है। यहां 24 सितंबर 2026 को होंडा एक्टिवा क्रमांक CG10BD7043 चोरी हुई थी। इसकी रिपोर्ट 25 सितंबर को दर्ज कराई गई थी। इस मामले में भी पुलिस जांच कर रही है।

संयुक्त टीम की कार्रवाई आरोपी गिरफ्तार
वाहन चोरी की घटनाओं की जांच के दौरान ACCU बिलासपुर और थाना सिविल लाइन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए अटल आवास, सकरी निवासी अरविंद दिवाकर, पिता दानी दिवाकर, को गिरफ्तार किया है। पुलिस संबंधित प्रकरणों में आरोपी की भूमिका और चोरी की घटनाओं से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। मामलों में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका:-
इस कार्रवाई में थाना सिविल लाइन के प्रधान आरक्षक विश्वदीप त्रिपाठी तथा ACCU प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी, उप निरीक्षक हेमंत आदित्य, प्रधान आरक्षक आतिश पारीक, आरक्षक बीरेंद्र राजपूत और आरक्षक योगेश साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की नागरिकों से अपील:-
बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपने वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर खड़ा करने, हैंडल लॉक सहित अन्य सुरक्षा उपाय अपनाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाने को देने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि सतर्कता और समय पर सूचना मिलने से वाहन चोरी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिल सकती है।

