ACCU और सकरी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई… 11.73 ग्राम हेरोइन के साथ 10,500 नकद जब्त…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब के अमृतसर से हेरोइन (चिट्टा) लाकर शहर में खपाने की फिराक में घूम रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। ACCU बिलासपुर और सकरी पुलिस की संयुक्त टीम ने उसलापुर बाजार के आसपास दबिश देकर आरोपी दीपक वालिया (32) को पकड़ा। उसके कब्जे से 11.73 ग्राम हेरोइन बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी से 10,500 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
अमृतसर से चिट्टा लाकर बिलासपुर में बेचने की तैयारी:-
पुलिस के मुताबिक, आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिले में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और अवैध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसी दौरान 24 अक्टूबर 2025 को ACCU टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि उसलापुर बाजार के आसपास एक व्यक्ति हेरोइन बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा है।
सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के बाद ACCU और थाना सकरी की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। नारकोटिक्स संबंधी कानूनी प्रावधानों का पालन करते हुए की गई तलाशी में संदिग्ध दीपक वालिया के कब्जे से पारदर्शी जिपर वाली पॉलीथिन में रखी 11.73 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके साथ ही 10,500 रुपये नकद भी मिले।
पंजाब से खरीदकर ऊंचे दाम पर बेचने की थी मंशा-:

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अमृतसर, पंजाब से हेरोइन खरीदकर बिलासपुर लाने और यहां स्थानीय ग्राहकों को अधिक कीमत पर बेचने की तैयारी की बात बताई। पुलिस के अनुसार, आरोपी मादक पदार्थ की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा था।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों, संभावित तस्करी नेटवर्क और आरोपी के वित्तीय लेन-देन की जानकारी जुटाने में लगी है। जांच के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि आरोपी के संपर्क किन लोगों से थे और इस अवैध कारोबार में अन्य व्यक्ति भी शामिल हैं या नहीं।
अमृतसर का निवासी, उसलापुर में रह रहा था आरोपी:-
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक वालिया, पिता कमलजीत सिंह वालिया, उम्र 32 वर्ष के रूप में हुई है। वह मूल रूप से सुभाष कॉलोनी, गली नंबर 07, थाना बी-डिवीजन, जिला अमृतसर, पंजाब का निवासी है। वर्तमान में वह वास्तु शिखर अपार्टमेंट, उसलापुर, थाना सकरी, जिला बिलासपुर में रह रहा था।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज:-
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना सकरी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) एवं 22(बी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया। मामले की विवेचना जारी है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
इस संयुक्त कार्रवाई में नगर पुलिस अधीक्षक (क्राइम) सुदीप सरकार, ACCU प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी, थाना सकरी प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह, पीएसआई अर्चना साहू, टिकराम निषाद, उपनिरीक्षक कमलेश बंजारे तथा आरक्षक अभिजीत डाहिरे, धीरेंद्र सिंह तोमर, विकास राम, महादेव कुजूर और समर बहादुर सहित ACCU एवं थाना सकरी की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई की सराहना की गई है। पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई में शामिल टीम को उचित पुरस्कार देने की घोषणा भी की है।
नशे के कारोबार की सूचना देने की अपील
बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त या तस्करी से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस को दें। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

