पॉक्सो एक्ट के तहत सरकंडा पुलिस ने की कार्रवाई…! 21 वर्षीय छात्र न्यायिक रिमांड पर भेजा…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] न्यायधानी बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म और उसे डराने-धमकाने का गंभीर मामला सामने आया है। डी.पी. विप्र महाविद्यालय में पढ़ने वाले एक सीनियर छात्र पर पढ़ाई में मदद करने के बहाने नाबालिग से नजदीकियां बढ़ाने और बाद में उसे अपने किराए के मकान में ले जाकर जबरन शारीरिक संबंध बनाने का आरोप है। पीड़िता की बहन की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
दो अलग-अलग तारीखों में वारदात का आरोप
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की बहन ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि उसकी 17 वर्ष 11 माह की बहन डी.पी. विप्र महाविद्यालय, बिलासपुर में अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रही है। इसी कॉलेज में पढ़ने वाला सीनियर छात्र दीपक चतुर पढ़ाई में मदद करने के बहाने उससे बातचीत करता था।
आरोप है कि इसी जान-पहचान का फायदा उठाकर आरोपी ने 10 नवंबर 2025 और 15 दिसंबर 2025 को पीड़िता को अपने किराए के मकान में ले जाकर डराने-धमकाने के बाद जबरन शारीरिक संबंध बनाए। आरोपी द्वारा बदनाम करने की धमकी दिए जाने के कारण पीड़िता भयभीत रही। मामले की जानकारी मिलने पर उसकी बहन ने पुलिस से शिकायत की, जिसके बाद प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस ने पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया और आवश्यक साक्ष्य संकलित किए।
इसके बाद नामजद आरोपी की तलाश कर घेराबंदी की गई और उसे पकड़ लिया गया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया गया। उसके विरुद्ध थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 1547/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 64, 79 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया है।

सक्ती जिले का रहने वाला है आरोपी:-
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक चतुर (21 वर्ष), पिता मनकी दाउ चतुर, निवासी ग्राम कलमी, थाना मालखरौदा, जिला सक्ती के रूप में हुई है। वह वर्तमान में बिलासपुर के सरकंडा क्षेत्र के बंगालीपारा में किराए के मकान में रह रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया की है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
मैं

