तीन दिवसीय आयोजन में 13 समितियों से सजेगा वैश्विक विमर्श का मंच 500 से अधिक विद्यार्थियों निभाएंगे भागीदारी…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] बहस विचारों और वैश्विक मुद्दों पर मंथन के साथ युवा नेतृत्व को नई दिशा देने के उद्देश्य से ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल बहतराई में तीन दिवसीय ग्लोबल मॉडल यूनाइटेड नेशंस (GMUN) 2026
ब्रिलियंट चैप्टर 11 का भव्य शुभारंभ हुआ। 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय स्वरूप के शैक्षणिक सम्मेलन में विभिन्न विद्यालयों के 500 से अधिक प्रतिनिधि (डेलीगेट्स) हिस्सा ले रहे हैं। आयोजन में विद्यार्थियों को वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा, कूटनीतिक संवाद, तार्किक बहस और नेतृत्व कौशल प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है।

उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता विद्यालय के अध्यक्ष प्रवीण कुमार अग्रवाल ने की। इस अवसर पर बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के सदस्य एवं डायरेक्टर सुशील अग्रवाल, आयुष अग्रवाल, अंकित अग्रवाल तथा डायरेक्टर अंजली बड़गैयाँ विशेष रूप से उपस्थित रहे। वहीं प्रसिद्ध गायक एवं सेलिब्रिटी अतिथि आदित्य ए, जो अपने लोकप्रिय गीत ‘चांद बालियां’ के लिए पहचाने जाते हैं, की मौजूदगी ने समारोह को खास आकर्षण प्रदान किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना से हुआ। इसके पश्चात अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर सम्मेलन का विधिवत उद्घाटन किया। ज्ञान, विवेक और सकारात्मक विचारों के प्रतीक इस आयोजन में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने पूरे परिसर को बौद्धिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया।

13 समितियों में होगी वैश्विक और समसामयिक मुद्दों पर बहस इस वर्ष GMUN में 13 अलग-अलग समितियों का गठन किया गया है। इनमें लोकसभा, ग्राम चौपाल, शार्क टैंक, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC), संयुक्त राष्ट्र मादक पदार्थ एवं अपराध कार्यालय (UNODC), हॉगवर्ट्स बोर्ड ऑफ गवर्नर्स, डेमन स्लेयर, संयुक्त संसदीय समिति (JPC), मार्वल सिनेमेटिक यूनिवर्स, IPL बनाम ला लीगा, पापाराज़ी, चाणक्य परिषद और ECOFIN शामिल हैं।

इन समितियों के माध्यम से प्रतिभागी राजनीति, शासन व्यवस्था, अंतरराष्ट्रीय कूटनीति, अर्थव्यवस्था, अपराध नियंत्रण, खेल और मीडिया जैसे विविध विषयों पर अपने विचार रखेंगे। विद्यार्थियों को अलग-अलग भूमिकाओं में रहते हुए तर्क प्रस्तुत करने, सवाल उठाने, नीतिगत समाधान तलाशने और सामूहिक निर्णय लेने का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा।
जिज्ञासा, आत्मविश्वास और नेतृत्व ही सफलता की कुंजी : प्रवीण अग्रवाल समारोह को संबोधित करते हुए अध्यक्ष प्रवीण कुमार अग्रवाल ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों से पूरे आत्मविश्वास, जिज्ञासा और दृढ़ संकल्प के साथ सम्मेलन में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अपने विचारों को स्पष्टता और तार्किकता के साथ प्रस्तुत करना, दूसरों के दृष्टिकोण का सम्मान करना तथा ईमानदारी बनाए रखना एक अच्छे नेतृत्वकर्ता की पहचान है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को जागरूक वैश्विक नागरिक बनाने के साथ भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं।

विद्यालय की निदेशक एवं प्राचार्या डॉ. (श्रीमती) श्रुति गुप्ता ने अतिथियों, विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे डेलीगेट्स और एस्कॉर्ट शिक्षकों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मॉडल यूनाइटेड नेशंस विद्यार्थियों के भीतर आलोचनात्मक चिंतन, प्रभावी संवाद, सहयोग, समस्या समाधान और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने प्रतिभागियों को निष्पक्षता, सत्यनिष्ठा और पारस्परिक सम्मान के साथ विचारों का आदान-प्रदान करने के लिए प्रेरित किया।

आदित्य ए की मौजूदगी से विद्यार्थियों में दिखा उत्साह प्रसिद्ध गायक आदित्य ए की उपस्थिति उद्घाटन समारोह का विशेष आकर्षण रही। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और रुचियों को पहचानने, लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने तथा निरंतर मेहनत से सपनों को साकार करने का संदेश दिया। उनकी मौजूदगी से विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस तीन दिवसीय आयोजन की रूपरेखा तैयार करने और सफल संचालन में विद्यालय की उप-प्राचार्या श्रीमती रोज़मेरी लक्ष्मण, श्रीमती नीतू गुरुंग, विवेक शर्मा, अकादमिक समन्वयकों तथा GMUN आयोजन समिति के आयुष सिंह, आशुतोष यदु, अध्ययन मिश्रा, अर्पित दुबे और तान्या मदवानी सहित शिक्षक समन्वयकों एवं विद्यालय परिवार का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

500 से अधिक प्रतिभागियों और 13 विविध समितियों के साथ GMUN 2026–ब्रिलियंट चैप्टर 11 विद्यार्थियों के लिए केवल एक शैक्षणिक आयोजन नहीं, बल्कि विचारों को अभिव्यक्त करने, तर्कों से अपनी बात रखने और वैश्विक परिप्रेक्ष्य को समझने का एक अनूठा अवसर बनकर सामने आया है। उद्घाटन के साथ ही आगामी दो दिनों की चर्चाओं, बहसों और ज्ञानवर्धक गतिविधियों के लिए उत्साहपूर्ण माहौल तैयार हो गया है।

