2 से 6 नवंबर तक स्पेन दौरे पर रहेंगे बार्सिलोना में स्मार्ट सिटी एक्सपो में करेंगे भारत मंडप का उद्घाटन
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] भारत के आवास एवं शहरी विकास मॉडल को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने और भारत-स्पेन के बीच शहरी विकास के क्षेत्र में सहयोग की नई संभावनाएं तलाशने के उद्देश्य से केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री एवं बिलासपुर के सांसद तोखन साहू 2 से 6 नवंबर 2026 तक स्पेन के आधिकारिक दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे बार्सिलोना और मैड्रिड में आयोजित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों, उच्चस्तरीय बैठकों और शहरी विकास परियोजनाओं के अध्ययन में हिस्सा लेंगे।
इस दौरे का विशेष आकर्षण 3 नवंबर को बार्सिलोना में आयोजित होने वाला स्मार्ट सिटी एक्सपो वर्ल्ड कांग्रेस 2026 होगा, जहां तोखन साहू भारत मंडप (इंडिया पवेलियन) का उद्घाटन करेंगे। उनके नेतृत्व में भारत के विभिन्न राज्यों के 20 वरिष्ठ अधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल भी इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में भाग लेगा। छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सोनमणि बोरा भी प्रतिनिधिमंडल में शामिल हैं। इस मंच पर भारत अपने आवास, स्मार्ट सिटी, समावेशी शहरीकरण और आधुनिक नागरिक सुविधाओं से जुड़े अनुभव दुनिया के सामने रखेगा।
प्रधानमंत्री आवास योजना की उपलब्धियों से दुनिया को परिचित कराएंगे-:
सम्मेलन में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू हाउसिंग फॉर ऑल बिल्डिंग इन्क्लूसिव एंड सस्टेनेबल फ्यूचर्स’ विषय पर आयोजित सत्र में भारत का पक्ष रखेंगे। वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने, बड़े पैमाने पर आवास निर्माण, नवाचार आधारित वित्तीय व्यवस्था और जनभागीदारी से जुड़े भारतीय अनुभव साझा करेंगे।
इसके साथ ही वे ‘रीक्लेमिंग पब्लिक स्पेस : रीजेनरेशन, गवर्नेंस एंड एवरीडे लाइफ’ विषय पर आयोजित सत्र में भी शामिल होंगे। इसमें सार्वजनिक स्थलों के बेहतर उपयोग, शहरी पुनर्विकास, नागरिक सुविधाओं और आधुनिक शहरी प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श होगा।
बार्सिलोना के स्मार्ट सिटी मॉडल का करेंगे अध्ययन:-
बार्सिलोना प्रवास के दौरान श्री साहू कैटेलोनिया की आवास एवं पारिस्थितिक संक्रमण मंत्री सुश्री सिल्विया पानेके सहित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। प्रस्तावित बैठकों में आवास नीति, शहरी नियोजन, सार्वजनिक आवास, भूमि विकास, परिवहन और नागरिक सुविधाओं पर चर्चा होगी। वे बार्सिलोना के प्रसिद्ध 22@ इनोवेशन डिस्ट्रिक्ट सहित शहरी पुनर्विकास और तकनीक आधारित नगर प्रबंधन की पहलों का भी अध्ययन करेंगे।
मैड्रिड की आधुनिक परियोजनाओं को समझेंगे
4 से 6 नवंबर तक मैड्रिड में केंद्रीय राज्यमंत्री का कार्यक्रम रहेगा। यहां वे मैड्रिड रियो परियोजना, मैड्रिड न्यूवो नॉर्टे शहरी पुनर्विकास एवं ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट (TOD) परियोजना और प्लाजा डी एस्पान्या के मोबिलिटी हब का अवलोकन करेंगे।
इसके अलावा स्पेन के आवास एवं शहरी एजेंडा मंत्रालय तथा आवास, निर्माण और शहरी अधोसंरचना से जुड़ी संस्थाओं एवं कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें प्रस्तावित हैं। इन बैठकों में निवेश, तकनीकी सहयोग, टिकाऊ निर्माण, सार्वजनिक परिवहन और आधुनिक शहरी अधोसंरचना के विकास पर चर्चा की जाएगी।
भारत-स्पेन संबंधों को मिलेगी नई दिशा
भारत और स्पेन के बीच वर्ष 1956 से राजनयिक संबंध स्थापित हैं। वर्ष 2026 दोनों देशों के राजनयिक संबंधों की 70वीं वर्षगांठ का वर्ष है। इस अवसर पर भारत और स्पेन संस्कृति, पर्यटन एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के द्वैध वर्ष के रूप में सहयोग को आगे बढ़ा रहे हैं। दोनों देशों के बीच सतत शहरी विकास के क्षेत्र में सहयोग के लिए जनवरी 2025 में समझौता ज्ञापन भी हुआ था।
ऐसे में तोखन साहू का यह दौरा दोनों देशों के बीच पहले से स्थापित सहयोग को आवास और शहरी विकास के क्षेत्र में व्यावहारिक रूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भारत जहां प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से बड़े पैमाने पर किफायती आवास उपलब्ध कराने का अनुभव साझा करेगा, वहीं स्पेन की आधुनिक नगर नियोजन व्यवस्था, सार्वजनिक परिवहन, हरित क्षेत्रों, स्मार्ट मोबिलिटी और शहरी पुनर्विकास की तकनीकों से भारतीय प्रतिनिधिमंडल को सीखने का अवसर मिलेगा।
विकसित भारत @2047 के संकल्प को मिलेगी अंतरराष्ट्रीय साझेदारी की ताकत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आवास, शहरी अधोसंरचना, डिजिटल तकनीक, स्वच्छता और सतत विकास के क्षेत्रों में अपनी विकास योजनाओं को वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत कर रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से करोड़ों परिवारों के पक्के मकान के सपने को साकार करने का प्रयास समावेशी विकास की दिशा में देश की महत्वपूर्ण पहल है।
भारत और स्पेन के बीच रक्षा विनिर्माण, व्यापार, निवेश, रेलवे, प्रौद्योगिकी, संस्कृति और सतत शहरी विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाएं लगातार विस्तृत हो रही हैं। तोखन साहू का यह आधिकारिक दौरा इन संभावनाओं को आगे बढ़ाने के साथ आवास एवं शहरी विकास के क्षेत्र में ज्ञान और तकनीकी आदान-प्रदान का नया अवसर उपलब्ध कराएगा।
कुल मिलाकर, स्पेन के अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत के आवास एवं शहरी विकास मॉडल की प्रस्तुति से न केवल देश की विकासात्मक पहलों को वैश्विक पहचान मिलेगी, बल्कि आधुनिक शहरों के निर्माण, किफायती आवास, निवेश और तकनीकी सहयोग के लिए नए रास्ते भी खुल सकते हैं। यह पहल विकसित भारत @2047 के लक्ष्य की दिशा में अंतरराष्ट्रीय अनुभवों और साझेदारी को जोड़ने का अवसर बनेगी।

