मामूली रोक-टोक से गुस्साए पोते ने लकड़ी के खुरा से सिर पर किया ताबड़तोड़ वार बुजुर्ग दादी की मौके पर ही मौत…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] रिश्तों की मर्यादा, संस्कार और मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाली एक हृदयविदारक घटना पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम लोहर्सी सतनामी पारा से सामने आई है। जिस दादी ने अपने पोते को बचपन से स्नेह और दुलार देकर बड़ा किया होगा, उसी पोते पर उनकी बेरहमी से हत्या करने का आरोप है। महज बाहर आने-जाने से रोकने जैसी बात से नाराज होकर पोते ने अपनी 65 वर्षीय दादी के सिर पर लकड़ी के खुरा से ताबड़तोड़ वार कर उनकी जान ले ली। इस निर्मम वारदात ने न केवल एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया, बल्कि दादी-पोते के पवित्र रिश्ते को भी शर्मसार कर दिया है।
बाहर जाने से रोकना दादी को पड़ा भारी, गुस्से में पोते ने कर दिया रिश्तों का कत्ल-:
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतिका नरबद कोशले पति स्वर्गीय तिरिथ राम कोशले ग्राम लोहर्सी सतनामी पारा में रहती थीं। बताया गया कि 2 नवंबर की रात करीब 10:22 बजे उनके भाई भागवत महिलांगे को उनके भांजे सजन कोशले का फोन आया। सजन ने बताया कि उसके बेटे मृत्युजय कोशले उर्फ बब्बू कोशले ने फोन कर अपनी दादी की हत्या करने की जानकारी दी है।
आरोपी ने फोन पर बताया कि उसकी दादी उसे बार-बार घर से बाहर आने-जाने से मना करती थीं। इसी बात को लेकर वह नाराज था। गुस्से में उसने लकड़ी के खुरा से दादी के सिर पर लगातार वार कर उनकी हत्या कर दी। जिस मामूली रोक-टोक के पीछे बुजुर्ग महिला की मंशा अपने पोते की भलाई और सुरक्षा रही होगी, वही बात इतनी भयावह वारदात की वजह बन गई।
खिड़की से झांका तो खून से लथपथ खाट पर पड़ी थीं दादी-:
हत्या की सूचना मिलते ही मृतिका के भाई भागवत महिलांगे अपने पड़ोसियों सुनील बंजारे और सुखसागर भारद्वाज के साथ सजन कोशले के घर पहुंचे। घर का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी प्रयास के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने पीछे की खिड़की से अंदर झांककर देखा। भीतर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। नरबद कोशले खाट पर उल्टी पड़ी थीं और उनके पैर दिखाई दे रहे थे।
इसके बाद तत्काल डायल 112 को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने आवाज देकर दरवाजा खुलवाया। घर के भीतर पहुंचने पर वृद्धा खाट पर मृत अवस्था में मिलीं। उनके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और आसपास खून फैला हुआ था। घर के भीतर का यह दृश्य परिजनों के लिए किसी भयावह सदमे से कम नहीं था।
गांव में मातम और आक्रोश, रिश्तों को तार-तार कर गई वारदात-:
परिजनों की सूचना पर पचपेड़ी पुलिस ने मर्ग क्रमांक 72/2026, धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामला कायम कर शव पंचनामा की कार्रवाई शुरू की है। पुलिस घटना की जांच करते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
इस घटना ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है। जिस उम्र में बुजुर्गों को परिवार का सहारा, सम्मान और देखभाल मिलनी चाहिए, उस उम्र में एक वृद्ध महिला को अपने ही पोते के हाथों कथित तौर पर ऐसी दर्दनाक मौत मिली। दादी की ममता और पोते के गुस्से के बीच आखिर ऐसा कौन-सा फासला पैदा हुआ कि एक छोटी-सी बात का अंत हत्या जैसी जघन्य वारदात में हुआ…?

यह घटना समाज के सामने एक गंभीर सवाल छोड़ गई है कि आखिर हम किस दिशा में जा रहे हैं, जहां अपनों की समझाइश भी दुश्मनी का कारण बनती जा रही है। जिस दादी की छांव में पोते का बचपन बीता होगा, उसी दादी की जिंदगी का अंत उसके हाथों होना सचमुच बेहद पीड़ादायक और शर्मनाक है।

