13 समितियों के उत्कृष्ट प्रतिनिधियों को किया गया सम्मानित…मुख्य अतिथि एडवोकेट मतीन सिद्दीकी ने युवाओं को दिया न्याय और संवैधानिक मूल्यों का संदेश…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] बहस, तर्क, कूटनीति, नेतृत्व क्षमता और वैश्विक मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श के तीन यादगार दिनों के बाद ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल, बहतराई में आयोजित तीन दिवसीय ग्लोबल मॉडल यूनाइटेड नेशंस (GMUN) 2026-ब्रिलियंट चैप्टर 11 का भव्य एवं गरिमामय समापन हुआ।

सम्मेलन में विभिन्न विद्यालयों के 500 से अधिक प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर अपनी बौद्धिक क्षमता, तार्किक सोच और नेतृत्व कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। इस आयोजन ने विद्यार्थियों को वैश्विक चुनौतियों को समझने, कूटनीतिक संवाद करने और जिम्मेदार नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ने का प्रभावी मंच प्रदान किया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में 20 वर्षों से अधिक का पेशेवर अनुभव रखने वाले प्रख्यात आपराधिक मामलों के अधिवक्ता एडवोकेट मतीन सिद्दीकी उपस्थित रहे। विद्यालय के चेयरमैन प्रवीण कुमार अग्रवाल एवं बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के सदस्यों की गरिमामय उपस्थिति ने समारोह की शोभा बढ़ाई।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना पर आधारित मनमोहक शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत कर विश्व बंधुत्व, एकता और वैश्विक सद्भाव का संदेश दिया।
विद्यालय के चेयरमैन प्रवीण कुमार अग्रवाल ने अपने संबोधन में सम्मेलन की शानदार सफलता पर सभी प्रतिनिधियों, कार्यकारी मंडल एवं आयोजन समिति को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों को स्वतंत्र चिंतन, विचारों की स्पष्ट अभिव्यक्ति और व्यावहारिक निर्णय लेने के अवसर भी मिलने चाहिए। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

विद्यालय की निदेशक प्राचार्या डॉ. (श्रीमती) श्रुति गुप्ता ने अतिथियों, प्रतिनिधियों एवं एस्कॉर्ट शिक्षकों का स्वागत करते हुए कहा कि मॉडल यूनाइटेड नेशंस जैसे आयोजन विद्यार्थियों में आलोचनात्मक चिंतन, प्रभावी संवाद, वार्ताकौशल, सहयोग और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को विचारों की विविधता का सम्मान करने तथा निष्पक्षता, ईमानदारी और पारस्परिक सम्मान जैसे मूल्यों को जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया।
13 समितियों के उत्कृष्ट प्रतिनिधियों को मिला सम्मान-:

समारोह का विशेष आकर्षण विभिन्न 13 समितियों के उत्कृष्ट प्रतिनिधियों को पुरस्कार प्रदान करना रहा। इसके साथ ही चेयर्स एवं वाइस चेयर्स को भी उनके उत्कृष्ट संचालन और नेतृत्व क्षमता के लिए सम्मानित किए गए।

बेस्ट चेयर एवं बेस्ट वाइस चेयर पुरस्कारों ने समारोह को विशेष गौरव प्रदान किया। वहीं, आयोजन समिति के सदस्यों को उनकी समर्पित सेवाओं, बेहतर प्रबंधन, सुव्यवस्थित योजना और अथक परिश्रम के लिए सम्मानित किये गये।

मुख्य अतिथि एडवोकेट मतीन सिद्दीकी ने अपने प्रेरक संबोधन में विद्यार्थियों को न्याय, ईमानदारी, तार्किक चिंतन और संवैधानिक मूल्यों का महत्व समझाया। उन्होंने अपने दो दशक से अधिक के व्यावसायिक अनुभव साझा करते हुए युवाओं से जिज्ञासु दृष्टिकोण विकसित करने, अपने सिद्धांतों पर दृढ़ रहने और समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एक न्यायपूर्ण और बेहतर समाज के निर्माण में युवाओं की सोच, जागरूकता और सक्रिय भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।

सम्मेलन के औपचारिक समापन की घोषणा GMUN के महासचिव आशुतोष यदु ने की। विद्यालय के हेड बॉय अर्चित दुबे ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए मुख्य अतिथि, गणमान्य अतिथियों, सहभागी विद्यालयों, प्रतिनिधियों, एस्कॉर्ट शिक्षकों, कार्यकारी मंडल एवं आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का गरिमामय समापन हुआ।
सामूहिक समर्पण से मिली आयोजन को भव्य सफलता-:

GMUN 2026 की शानदार सफलता के पीछे विद्यालय की उप-प्राचार्या श्रीमती रोज़मेरी लक्ष्मन, श्रीमती नीतू गुरुंग, विवेक शर्मा तथा आयोजन समिति के आयुष सिंह, अध्ययन मिश्रा, तान्या मडवानी, अद्वित अनंत, गार्गी गोस्वामी, गुरकरण सिंह गंभीर, श्रेयांश अग्रवाल, वंश हरियाणी, दक्ष चौबे, यश अग्रवाल, अपूर्वा सिंह नर्मदा, आराध्या शर्मा, आराध्या कौशिक एवं प्रयाग सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

अकादमिक कोऑर्डिनेटर्स, शिक्षकों और ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल परिवार के सभी सदस्यों के सामूहिक प्रयासों ने इस आयोजन को सफल, सुव्यवस्थित और यादगार बनाया।

GMUN 2026 ब्रिलियंट चैप्टर 11 का यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि वैश्विक दृष्टिकोण, लोकतांत्रिक संवाद, कूटनीतिक समझ और भविष्य के नेतृत्वकर्ताओं को तैयार करने का एक सार्थक अनुभव बनकर सामने आया।

