चौंसठ योगिनी नवग्रह और भैरव पूजन के साथ होंगे विशेष धार्मिक अनुष्ठान कन्या भोज एवं सुहाग दान भी होगा आयोजित…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] शहर के सरकंडा स्थित अरविंद नगर, बंधवापारा में शक्ति उपासना और भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिलेगा। यहां 6 नवंबर से सात दिवसीय मां महाकाली प्रतिमा पूजन महोत्सव का भव्य शुभारंभ होने जा रहा है। मां काली की आराधना, विशेष पूजा-अर्चना, आरती और जस-गीतों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहेगा।
आयोजक श्री एवं श्रीमती आचार्य ने समस्त श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों से सपरिवार शामिल होकर मां महाकाली का दर्शन करने और माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
महोत्सव के दौरान धार्मिक परंपराओं के अनुरूप चौंसठ योगिनी पूजन, नवग्रह पूजन, श्री गौरी-गणेश पूजन, काल भैरव पूजन एवं बटुक भैरव पूजन सहित विभिन्न अनुष्ठान विधि-विधान से संपन्न कराए जाएंगे।
भव्य आगमन से होगा महोत्सव का आगाज
कार्यक्रम के अनुसार 6 नवंबर को शाम 5 बजे मां महाकाली का भव्य आगमन होगा। इसके पश्चात 7 नवंबर को चतुर्दशी तिथि की मध्यरात्रि में मां महाकाली की प्रतिमा की विधिवत स्थापना की जाएगी। पूरे महोत्सव के दौरान प्रतिदिन विशेष पूजा-अर्चना, षोडशोपचार पूजन, भव्य आरती, माता सेवा एवं जस-गीत के कार्यक्रम आयोजित होंगे।
कन्या भोज और सुहाग दान का विशेष आयोजन-:

धार्मिक महोत्सव के अंतर्गत 12 नवंबर 2026 को दोपहर में कन्या भोज एवं सुहाग दान का आयोजन किया जाएगा। वहीं 13 नवंबर को विधि-विधान से धार्मिक अनुष्ठान संपन्न करने के पश्चात मां महाकाली की प्रतिमा का श्रद्धापूर्वक विसर्जन किया जाएगा।
आचार्य परिवार के सान्निध्य में होगा आयोजन
इस भव्य धार्मिक आयोजन का संचालन श्रीमती पूनम आचार्य एवं सुदीप आचार्य के सान्निध्य में किया जा रहा है। आयोजन को सफल बनाने में नव्या आचार्य, नीरव आचार्य सहित मोहल्ले के श्रद्धालुओं एवं समस्त क्षेत्रवासियों का विशेष योगदान है।
आयोजक परिवार ने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों, श्रद्धालुओं एवं माता के भक्तों से सपरिवार महोत्सव में शामिल होने का आग्रह किया है। मां महाकाली के जयकारों और भक्ति के सुरों के बीच आयोजित यह सात दिवसीय महोत्सव क्षेत्र में आस्था, श्रद्धा और धार्मिक एकजुटता का संदेश देगा।

