सिम्स में इलाज के दौरान तोड़ा दम…!
आरोपी गिरफ्तार भेजा जेल…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] जिस पिता ने बेटे को जन्म दिया, उंगली पकड़कर चलना सिखाया और जीवनभर रिश्तों की मर्यादा निभाई, उसी पिता को अपने ही बेटे के हाथों ऐसी दर्दनाक मौत मिली, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया। महज 20 हजार रुपये वापस मांगने और जमीन में हिस्सा देने की जिद ने एक बेटे को इस कदर हैवान बना दिया कि उसने पहले अपने बुजुर्ग पिता के सिर पर लोहे के हुक से ताबड़तोड़ वार किए और फिर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। शरीर का आधा हिस्सा बुरी तरह झुलसने के बाद बुजुर्ग को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन जिंदगी की जंग में वह हार गए। इस दिल दहला देने वाले हत्याकांड में सीपत पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
बेटी ने देखा पिता को आग की लपटों में घिरा, बचाने के लिए दौड़ी-:
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिल दहला देने वाली यह घटना 11 नवंबर 2026 को सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम सेलर में हुई। मृतक विश्राम केंवट की बेटी दूरपति बाई रात्रे ने पुलिस को बताया कि वह पिछले 18 से 20 वर्षों से अपने बुजुर्ग पिता की देखभाल कर रही थी और परिवार सहित उनके घर में रहती थी। घटना के दिन सुबह करीब 11:30 बजे वह घर की बाड़ी में काम कर रही थी। इसी दौरान उसकी बेटी सीमा दौड़कर पहुंची और बताया कि मामा आशाराम घर आए हैं तथा नाना के साथ विवाद कर रहे हैं।
यह सुनते ही दूरपति अपनी बेटी के साथ घर पहुंची तो वहां का दृश्य देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। उसके पिता विश्राम केंवट गंभीर रूप से घायल अवस्था में थे। आरोप है कि बड़े भाई आशाराम ने लकड़ी के दरवाजे में लगाए जाने वाले लोहे के हुक से पिता के सिर पर कई वार किए और फिर पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। पिता का आधा शरीर आग से झुलस चुका था। बेटी ने गमछे से आग बुझाने और पिता को बचाने की कोशिश की। इसके बाद तत्काल 108 एंबुलेंस से उन्हें सिम्स अस्पताल बिलासपुर पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसी रात उनकी मौत हो गई।
20 हजार रुपये और जमीन के हिस्से की मांग बनी खूनी विवाद की वजह-:
पुलिस की पूछताछ में आरोपी आशाराम केंवट ने बताया कि उसने वर्ष 2007 में अपने पिता को 20 हजार रुपये दिए थे। वह लंबे समय से इसी रकम को वापस मांग रहा था। इसके साथ ही वह पिता से जमीन का हिस्सा बांटने की मांग भी कर रहा था। घटना के दिन इसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद हुआ। मृतक विश्राम केंवट ने रुपये लौटाने और जमीन का बंटवारा करने से मना कर दिया। इसी दौरान पिता द्वारा यह कहे जाने पर कि ‘तुम मेरा बेटा नहीं हो’, आरोपी आक्रोशित हो गया। पुलिस के मुताबिक, इसी नाराजगी में उसने हत्या की नीयत से लोहे के हुक से पिता के सिर पर कई वार किए और बाद में पेट्रोल डालकर लाइटर से आग लगा दी।
एफएसएल टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य, आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा:-
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के मार्गदर्शन में तत्काल पुलिस टीम सक्रिय हुई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक तिलेश्वर प्रसाद यादव के निर्देशन में सीपत पुलिस ने विवेचना शुरू की। थाना प्रभारी ने एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित किए। नगर पुलिस अधीक्षक ने भी घटनास्थल पहुंचकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी आशाराम केंवट ग्राम बरेली में मौजूद है। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लोहे का हुक भी बरामद कर लिया है।
हत्या का अपराध दर्ज, आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल-:

मृतक की बेटी की रिपोर्ट पर थाना सीपत में अपराध क्रमांक 625/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आशाराम केंवट (64 वर्ष), पिता विश्राम केंवट, निवासी बजरंग चौक, ग्राम बरेली, थाना सीपत, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
जिस पिता की संपत्ति में हिस्सा मांग रहा था, उसी पिता की जिंदगी छीन ली। 20 हजार रुपये और जमीन के विवाद ने एक परिवार को ऐसा जख्म दे दिया, जिसकी भरपाई अब कभी नहीं हो सकती। जिस घर में पिता की मौजूदगी कभी परिवार का सहारा थी, वहां अब उनकी यादें और एक बेटी का कभी न भरने वाला दर्द शेष रह गया है।

