तीन और पंचायतों को मिली 90 लाख की सौगात 33 पंचायतों में महतारी सदन निर्माण की राह हुई प्रशस्त… महिलाओं को मिलेगा सामाजिक, आर्थिक और रचनात्मक गतिविधियों का स्थायी मंच…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] बेलतरा विधानसभा में विकास को नई दिशा देने के साथ मातृशक्ति के सम्मान और सशक्तीकरण को लेकर विधायक सुशांत शुक्ला ने एक महत्वाकांक्षी पहल की है। उनका संकल्प है कि विधानसभा क्षेत्र की सभी 64 ग्राम पंचायतों में महतारी सदन अथवा मिनी महतारी सदन का निर्माण कराया जाए, ताकि गांव की माताओं और बहनों को अपनी गतिविधियों के संचालन के लिए एक समर्पित और स्थायी स्थान मिल सके। इसी कड़ी में राज्य शासन ने ग्राम पंचायत सेंदरी, मटियारी और गड़वट में महतारी सदन निर्माण के लिए 30-30 लाख की दर से कुल 90 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।
पंचायत संचालनालय, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 की योजना के तहत मिली इस स्वीकृति को ग्रामीण महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण सौगात माना जा रहा है। इन भवनों में महिला स्व-सहायता समूहों की बैठकें, कौशल विकास प्रशिक्षण, जागरूकता कार्यक्रम, सामाजिक-सांस्कृतिक आयोजन और महिलाओं से जुड़ी अन्य गतिविधियां संचालित की जा सकेंगी।
64 पंचायतों में महतारी सदन का लक्ष्य, 33 पंचायतों में काम आगे बढ़ा-:
विधायक सुशांत शुक्ला की यह पहल महज भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि गांव की महिलाओं को सामाजिक भागीदारी, आर्थिक आत्मनिर्भरता और नेतृत्व विकास के लिए मजबूत आधार देने की दिशा में एक व्यापक अभियान है। अब तक विधानसभा क्षेत्र की 33 ग्राम पंचायतों में महतारी सदन एवं मिनी महतारी सदन निर्माण की प्रक्रिया पूर्ण, स्वीकृत अथवा प्रक्रियाधीन है।
पांच पंचायतों में महतारी सदन बनकर तैयार
ग्राम पंचायत सेमरताल, लगरा, लखराम, गोंदईया और नेवसा में 30-30 लाख की लागत से महतारी सदनों का निर्माण पूरा हो चुका है। इन भवनों से ग्रामीण महिलाओं को सामुदायिक एवं सामाजिक गतिविधियों के लिए अपना स्थान मिला है।
15 पंचायतों में मिनी महतारी सदनों का निर्माण पूर्ण-:
मंडी बोर्ड के माध्यम से मोहतराई, मदनपुर, रानीगांव, नवागांव, खैरखुंडी, बेलतरा, रमदेई, करमा, कडरी, मंजुरपहरी, सेलर, डंगनिया, पौसरा, परसौड़ी और भरवीडीह में 15.50 लाख प्रति भवन की लागत से मिनी महतारी सदनों का निर्माण पूरा किया जा चुका है।
10 पंचायतों में स्वीकृति, टेंडर प्रक्रिया जारी
अकलतरी, बाम्हू, बांका, बसहा, भाड़ी, भरारी, भिल्मी, बिटकुली (उ), चोरहदेवरी और धौरामुड़ा में 15.90 लाख प्रति मिनी महतारी सदन की लागत से निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है। वर्तमान में इन कार्यों की टेंडर प्रक्रिया जारी है।
तीन पंचायतों को नई सौगात, शेष 31 के प्रस्ताव शासन स्तर पर-:
अब सेंदरी, मटियारी और गड़वट में ₹30-30 लाख की नई स्वीकृति मिलने के बाद अभियान ने एक और महत्वपूर्ण पड़ाव हासिल किया है। वहीं शेष 31 ग्राम पंचायतों में भी महतारी सदन निर्माण के प्रस्ताव शासन स्तर पर प्रस्तुत किए गए हैं। विधायक का प्रयास है कि जल्द ही इन प्रस्तावों को भी स्वीकृति मिले और सभी 64 पंचायतों में यह संकल्प साकार हो।
सरपंचों ने जताया मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्रियों सहित विधायक का आभार
तीन ग्राम पंचायतों में महतारी सदन की स्वीकृति मिलने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। ग्राम पंचायत मटियारी के सरपंच सतीश केशर ने समस्त ग्रामवासियों की ओर से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा तथा विधायक सुशांत शुक्ला के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महतारी सदन गांव की महिलाओं के लिए बड़ी सौगात है।
इसी तरह ग्राम पंचायत गड़वट के सरपंच चंद्रशेखर बैसवाड़े और सेंदरी के सरपंच राजेश ध्रुव ने भी शासन एवं विधायक के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि इन भवनों से ग्रामीण महिलाओं को सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों के संचालन के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
महिलाओं का सम्मान और विश्वास मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता सुशांत शुक्ला-:
विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि बेलतरा विधानसभा का विकास केवल सड़क, भवन और आधारभूत संरचनाओं तक सीमित नहीं है। समाज के प्रत्येक वर्ग को सम्मान, अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराना भी विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। माताएं, बहनें और बेटियां परिवार, समाज और गांव की प्रगति की आधारशिला हैं। उनका सम्मान, विश्वास और आत्मनिर्भरता उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि इसी सोच के साथ बेलतरा विधानसभा की सभी 64 ग्राम पंचायतों में महतारी सदन अथवा मिनी महतारी सदन निर्माण का संकल्प लिया गया है। उनके अनुसार, पूरे छत्तीसगढ़ में बेलतरा विधानसभा ऐसी अनूठी पहल कर रही है, जहां प्रत्येक ग्राम पंचायत में महिलाओं के लिए समर्पित केंद्र विकसित करने की दिशा में योजनाबद्ध प्रयास किए जा रहे हैं।
विधायक ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल भवन बनवाना नहीं, बल्कि ऐसा मंच तैयार करना है जहां महिलाएं एकजुट होकर अपने विचार साझा कर सकें, स्व-सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक गतिविधियों को आगे बढ़ा सकें, कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर सकें और सामाजिक निर्णयों में अपनी सक्रिय भागीदारी निभा सकें। महतारी सदन ग्रामीण महिलाओं के लिए संवाद, सहयोग, प्रशिक्षण और नेतृत्व विकास के केंद्र बनेंगे।
उन्होंने इस अभियान में सहयोग के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा के प्रति आभार जताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के सहयोग से बेलतरा की सभी 64 ग्राम पंचायतों में महतारी सदन निर्माण का संकल्प पूरा करने का प्रयास जारी रहेगा।
भवन से आगे बढ़कर आत्मनिर्भरता का केंद्र बनेगा महतारी सदन-:
बेलतरा विधानसभा में महतारी सदन निर्माण की यह पहल ग्रामीण विकास को महिला सशक्तीकरण से जोड़ने का प्रयास है। पांच पंचायतों में महतारी सदन और 15 पंचायतों में मिनी महतारी सदन का निर्माण पूर्ण होना, 10 पंचायतों में निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ना तथा तीन नई पंचायतों को 90 लाख की स्वीकृति मिलना इस अभियान की प्रगति को दर्शाता है।
अब नजरें शेष 31 पंचायतों की स्वीकृति पर हैं। यदि यह संकल्प पूरा होता है तो बेलतरा की सभी 64 ग्राम पंचायतों में मातृशक्ति को अपना भवन, अपनी पहचान और सामुदायिक विकास में सक्रिय भागीदारी का स्थायी मंच मिलेगा। यही विकसित बेलतरा की परिकल्पना का महत्वपूर्ण आधार बन सकता है।

