शराब के नशे में रिश्तों का कत्ल…!
मस्तूरी के गतौरा में पारिवारिक विवाद ने लिया खूनी रूप आरोपी पोता गिरफ्तार…!
बिलासपुर/मस्तूरी-[जनहित न्यूज़] जिस पोते को कभी दादा ने गोद में खिलाया, प्यार-दुलार से बड़ा किया और जिसके भविष्य के सपने संजोए, उसी पोते ने कथित तौर पर उनकी जान ले ली। मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम गतौरा में रिश्तों को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। शराब के नशे में धुत पोते ने मामूली पारिवारिक विवाद के बाद अपने 80 वर्षीय दादा पर लात-घूंसों से इस कदर हमला किया कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम गतौरा के वार्ड क्रमांक 7 निवासी पंचराम चंद्राकर (80 वर्ष) शुक्रवार दोपहर अपने घर पर थे। इसी दौरान उनका 35 वर्षीय पोता तुलाराम चंद्राकर, पिता संतोष चंद्राकर, शराब के नशे में घर पहुंचा। बताया जा रहा है कि आरोपी की पत्नी अपने बच्चों के साथ मायके चली गई थी। इसी बात को लेकर वह अपने दादा से विवाद करने लगा। आरोपी दादा पर पत्नी और बच्चों को मायके जाने से नहीं रोकने की बात कहते हुए बहस करने लगा।

मृतक पंचराम चंद्राकर
देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गुस्से में आपा खो चुके पोते ने अपने ही दादा पर लात-घूंसों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बुजुर्ग शरीर इस बेरहम हमले को सहन नहीं कर सका और उनकी जान चली गई। जिस घर में कभी दादा-पोते के स्नेह और अपनत्व का रिश्ता था, वहीं इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
बताया गया कि दोपहर करीब 4 बजे ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली। सूचना पर मस्तूरी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने आरोपी पोते तुलाराम चंद्राकर को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले में आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
शराब का नशा, गुस्सा और टूटते पारिवारिक रिश्ते समाज के लिए गंभीर चेतावनी-:
यह घटना केवल एक हत्या नहीं, बल्कि समाज और परिवारों के लिए एक गंभीर चेतावनी भी है। शराब का नशा जब विवेक पर हावी होता है और गुस्से पर नियंत्रण नहीं रहता, तो इंसान अपने सबसे करीबी रिश्तों की मर्यादा तक भूल जाता है। परिवार में विवाद होना असामान्य नहीं, लेकिन विवाद का समाधान हिंसा कभी नहीं हो सकती।

आरोपी पोता तुलाराम चंद्राकर
बुजुर्ग परिवार की धरोहर होते हैं। जिन हाथों ने बच्चों और पोते-पोतियों को सहारा देकर बड़ा किया, उन्हीं हाथों को बुढ़ापे में सम्मान, सुरक्षा और अपनापन मिलना चाहिए। जरूरत है कि परिवारों में संवाद, संयम और बुजुर्गों के प्रति संवेदनशीलता को प्राथमिकता दी जाए। नशे की लत और आक्रामक व्यवहार को नजरअंदाज करने के बजाय समय रहते परिवार और समाज को आगे आना होगा।
रिश्ते गुस्से से नहीं, विश्वास और सम्मान से निभते हैं। याद रखिए, एक पल का अनियंत्रित गुस्सा जिंदगी भर का ऐसा पछतावा दे सकता है, जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं।

