ट्रक के पहियों के नीचे आया चालक 8 साल का मासूम भी गंभीर रूप से घायल…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] किसी की मदद के लिए उठे कदमों का अंत इतना दर्दनाक होगा, शायद सोमनाथ श्रीवास ने कभी सोचा भी नहीं होगा। पड़ोसी पिता-पुत्र को इलाज के लिए सिम्स लेकर आए सोमनाथ जब उन्हें लेकर वापस गांव लौट रहे थे, तभी रास्ते में मौत ने उन्हें घेर लिया। मस्तूरी थाना क्षेत्र के किरारी स्थित पुराने पेट्रोल पंप के सामने तेज रफ्तार ट्रक और बाइक के बीच हुई आमने-सामने की भीषण भिड़ंत में सोमनाथ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक में पीछे बैठे पिता और उनका आठ वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल उपचार के लिए सिम्स भेजा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा शाम करीब 4 बजे का है। ट्रक क्रमांक CG 16 A 1981 मस्तूरी से बिलासपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही हीरो पैशन प्रो बाइक क्रमांक CG 10 Y 8233 से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे। बाइक चला रहे ग्राम रिसदा निवासी सोमनाथ श्रीवास (40 वर्ष) ट्रक के पहियों की चपेट में आ गए। गंभीर चोटों के कारण उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
पड़ोसी पिता-पुत्र को इलाज कराने लाए थे सोमनाथ-:

हादसे की सबसे मार्मिक बात यह है कि सोमनाथ श्रीवास अपने पड़ोसी राकेश यादव और उनके आठ वर्षीय बेटे शौर्य यादव को इलाज कराने के लिए बिलासपुर सिम्स अस्पताल लेकर आए थे। अस्पताल में उपचार के बाद तीनों बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे। लेकिन किरारी के पास रास्ते में हुए इस भीषण हादसे ने उनकी यात्रा को हमेशा के लिए खत्म कर दिया। हादसे में राकेश यादव और उनका मासूम बेटा शौर्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों की हालत को देखते हुए उन्हें तत्काल सिम्स में भर्ती कराने के लिए भेजा गया।
पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक को हिरासत में लिया-:

दुर्घटना की सूचना मिलते ही मस्तूरी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
मदद का हाथ बढ़ाने वाले की जिंदगी ही छिन गई।

इस हादसे ने एक बार फिर सड़क पर तेज रफ्तार के कहर को उजागर कर दिया है। जिस सोमनाथ श्रीवास ने पड़ोसी पिता-पुत्र की मदद के लिए उन्हें अस्पताल पहुंचाने की जिम्मेदारी उठाई थी, वही उन्हें सुरक्षित घर वापस नहीं पहुंचा सके। एक नेक काम के लिए निकले सोमनाथ की असमय मौत से रिसदा गांव में शोक की लहर है। वहीं घायल पिता-पुत्र के स्वस्थ होने की कामना के साथ पूरा इलाका इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध है।

