शुक्लाभाठा में जुआ पकड़ने गई पुलिस पर हमला कर सरकारी कार्रवाई में डाली बाधा एक नाबालिग भी शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी…!
मुंगेली-[जनहित न्यूज़] जुआरियों को बचाने के लिए ग्रामीणों का एक समूह इस कदर उग्र हो गया कि उसने कानून के रखवालों पर ही हमला बोल दिया। जुआ पकड़ने पहुंची फास्टरपुर-सेतगंगा पुलिस टीम के साथ गाली-गलौच, मारपीट और लूटपाट की गई। पुलिसकर्मियों के साथ हाथ-मुक्कों और थप्पड़ों से मारपीट कर जुआ फड़ से जब्त रकम सहित कर्मचारियों के पास मौजूद नगदी लूट ली गई। इस दुस्साहसिक घटना में पुलिस ने एक नाबालिग सहित आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से 2500 रुपये बरामद किए गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर जिले में दीपावली पर्व के मद्देनजर जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ ‘ऑपरेशन बाज’ अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 7 नवंबर 2026 की रात करीब 8:53 बजे मुखबिर की सूचना पर फास्टरपुर-सेतगंगा पुलिस की टीम ग्राम शुक्लाभाठा में जुआ पकड़ने पहुंची थी। पुलिस ने मौके पर ताश के पत्तों से काटपत्ती नामक जुआ खेलते हुए शैलेन्द्र गबेल, प्यारे लाल साहू, गोविंद गबेल, राजेश साहू और एक नाबालिग को पकड़ा था।
जुआरियों को छुड़ाने के लिए पुलिस पर हमला
पुलिस की कार्रवाई के दौरान गांव के प्रमोद साहू, उमेश गबेल, खोमप्रसाद गबेल, शिवप्रसाद सहित अन्य लोग एकजुट होकर मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि इन लोगों ने पकड़े गए जुआरियों को छुड़ाने के लिए पुलिस टीम के साथ विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला मारपीट और लूटपाट तक पहुंच गया। आरोपियों ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गाली-गलौच करते हुए धमकाया और हाथ-मुक्कों व थप्पड़ों से मारपीट कर चोट पहुंचाई। इस दौरान जुआ फड़ से जब्त 800 रुपये तथा पुलिस कर्मचारियों के पास मौजूद 2230 और 1440 रुपये सहित कुल 4470 रुपये लूट लिए गए।
तकनीकी साक्ष्य के आधार पर दबिश, आठ आरोपी गिरफ्तार-:
घटना के संबंध में प्रधान आरक्षक मनोज साहू की लिखित शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की विभिन्न धाराओं 132, 218, 223(ख), 296, 115(2), 351(3), 309(6) एवं 191(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत छाबड़ा एवं एसडीओपी आशीष अरोरा के मार्गदर्शन में पुलिस ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के घरों में दबिश देकर उन्हें हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी शैलेन्द्र गबेल के कब्जे से 1500 रुपये और गोविंद गबेल के कब्जे से 1000 रुपये बरामद किए। इस तरह कुल 2500 रुपये की बरामदगी की गई। पुलिस ने 17 नवंबर 2026 को सात वयस्क आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेजा। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी:-

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में शैलेन्द्र उर्फ मुच्चु गबेल (30), प्यारे लाल साहू (40), गोविंद गबेल (27), उमेश उर्फ चन्द्रकुमार गबेल (37), खोमप्रसाद गबेल (32), शिवप्रसाद गबेल (46), कमलेश कुमार साहू (21) तथा एक विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। सभी ग्राम शुक्लाभाठा (विचारपुर), थाना फास्टरपुर-सेतगंगा, जिला मुंगेली के निवासी हैं।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रघुवीर लाल चंद्रा, साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक सत्येन्द्रपुरी गोस्वामी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक सीमा, भारती, सहायक उप निरीक्षक विजय बंजारा, प्रधान आरक्षक मनोज साहू सहित थाना एवं साइबर सेल के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

