रिसॉर्ट के करीब जंगल में खौफनाक मंजर मचा हड़कंप…!
मृतक की पहचान बनी पुलिस की
बड़ी चुनौती…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] शिवतराई के घने जंगल में गुरुवार देर शाम एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी। सुनसान जंगल के बीच एक युवक का अधजला शव और उससे महज चार कदम की दूरी पर पूरी तरह जली हुई बाइक मिली। घटनास्थल के नजदीक ही एक निजी रिसॉर्ट भी स्थित है। शुरुआती परिस्थितियां इस आशंका को बल दे रही हैं कि युवक की कहीं और हत्या करने के बाद उसकी पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने के इरादे से शव तथा बाइक को जंगल में लाकर आग के हवाले किया गया होगा। हालांकि, हत्या और साक्ष्य मिटाने की आशंका की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
जंगल में बाइक जलती देख पहुंचे ग्रामीण, पास ही पड़ा था अधजला शव-:

मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार देर शाम कुछ स्थानीय लोगों की नजर जंगल के एक सुनसान हिस्से में जलकर खाक हो चुकी बाइक पर पड़ी। उत्सुकतावश जब वे नजदीक पहुंचे तो कुछ ही कदम की दूरी पर एक युवक का अधजला शव देखकर उनके होश उड़ गए। जंगल की खामोशी के बीच मिले इस भयावह दृश्य ने लोगों को दहशत में डाल दिया। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की फोटोग्राफी सहित प्रारंभिक कार्रवाई की।
हालांकि, रात में अंधेरा अधिक होने के कारण पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल की बारीकी से जांच नहीं कर सकी। अब पुलिस दोबारा मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाएगी। जांच में स्निफर डॉग की भी मदद ली जाएगी, ताकि घटनास्थल और आसपास मौजूद संभावित सुरागों का पता लगाया जा सके।
एसएसपी ने सक्रिय की ACCU टीम, देर रात तक खंगाले गए आसपास के इलाके मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने ACCU टीम को सक्रिय कर दिया है। उनके निर्देश पर टीम देर रात तक शिवतराई और आसपास के क्षेत्रों में जांच-पड़ताल करती रही। स्थानीय लोगों से पूछताछ कर यह जानने का प्रयास किया गया कि हाल के दिनों में किसी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि को तो नहीं देखा गया था। इसके बावजूद फिलहाल पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा है।
मृतक कौन, कहां हुई हत्या और जंगल तक कैसे पहुंचा शव..?
इस पूरे मामले में पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतक की पहचान करना है। युवक कौन था, कहां का रहने वाला था और वह शिवतराई के जंगल तक कैसे पहुंचा? क्या उसकी हत्या इसी जंगल में की गई या कहीं दूसरी जगह वारदात को अंजाम देकर शव यहां लाया गया? बाइक और शव को जलाने के पीछे क्या मकसद था? ये ऐसे सवाल हैं, जिनके जवाब फिलहाल अंधेरे में हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और मृतक की पहचान सामने आने के बाद ही मौत की वजह तथा घटना की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा।
रिसॉर्ट के करीब जंगल में वारदात, सुरक्षा व्यवस्था पर भी उठे सवाल-:
घटनास्थल से चंद कदमों की दूरी पर निजी रिसॉर्ट का होना भी इस मामले को कई सवालों से जोड़ता है। आखिर आबादी और गतिविधियों वाले क्षेत्र के इतने करीब जंगल में इतनी गंभीर वारदात को अंजाम कैसे दिया गया? क्या किसी ने रात के अंधेरे में संदिग्ध गतिविधियां देखीं या किसी वाहन की आवाजाही महसूस की? फिलहाल इन सभी पहलुओं पर जांच की जरूरत है।

जंगल में मिले अधजले शव ने एक ओर जहां इलाके में भय का माहौल पैदा कर दिया है, वहीं दूसरी ओर यह घटना अपराधियों के दुस्साहस और सबूत मिटाने के प्रयासों की आशंका को भी सामने लाती है। अब सबकी निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं। सबसे अहम सवाल यही है कि आखिर उस युवक की पहचान कब होगी और उसकी मौत के पीछे छिपा खौफनाक सच कब सामने आएगा…?

