उप मुख्यमंत्री अरुण साव प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा महापौर पूजा विधानी और निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने ग्रहण किया राष्ट्रीय पुरस्कार…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] न्यायधानी बिलासपुर ने एक बार फिर राष्ट्रीय पटल पर अपनी विशिष्ट पहचान दर्ज कराई है। शहर के विकास और नगरीय प्रशासन की उपलब्धियों में एक और सुनहरा अध्याय जुड़ गया है। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और पथ विक्रेताओं को डिजिटल अर्थव्यवस्था से जोड़ने के उत्कृष्ट प्रयासों के लिए बिलासपुर नगर निगम को देशभर के एक लाख से दस लाख तक की आबादी वाले नगरीय निकायों की डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि पर नई दिल्ली में आयोजित ‘स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026’ में बिलासपुर को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
खास बात यह है कि महज दस दिनों के भीतर बिलासपुर को दूसरा राष्ट्रीय सम्मान मिला है। इससे पहले 11 नवंबर को स्वच्छता के क्षेत्र में भी शहर को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया था। लगातार मिल रही इन उपलब्धियों ने न्यायधानी की राष्ट्रीय पहचान को और मजबूत किया है।

भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित भव्य समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के हाथों यह पुरस्कार प्रदान किया गया। बिलासपुर की ओर से उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, महापौर पूजा विधानी और नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने सम्मान ग्रहण किया। इस श्रेणी में पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर नगर निगम ने पहला स्थान हासिल किया।
डिजिटल लेन-देन से जुड़े 7,662 पथ विक्रेता
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की शुरुआत 1 जून 2020 को हुई थी। योजना का उद्देश्य रेहड़ी-पटरी और सड़क किनारे व्यवसाय करने वाले छोटे व्यापारियों को संस्थागत ऋण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें डिजिटल लेन-देन के लिए प्रोत्साहित करना और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।
बिलासपुर नगर निगम ने इस दिशा में उल्लेखनीय कार्य करते हुए योजना के अंतर्गत पंजीकृत 15,252 हितग्राहियों में से 7,662 पथ विक्रेताओं को पूरी तरह डिजिटल माध्यम से लेन-देन से जोड़ने में सफलता हासिल की है। यह उपलब्धि बताती है कि शहर के छोटे व्यापारी भी अब बदलती आर्थिक व्यवस्था के साथ कदमताल कर रहे हैं। डिजिटल भुगतान की सुविधा से जहां लेन-देन में पारदर्शिता बढ़ी है, वहीं छोटे व्यापारियों को वित्तीय साक्षरता और आधुनिक बैंकिंग व्यवस्था से जुड़ने का अवसर भी मिला है।
मंत्रालय द्वारा दिए जाने वाले पीएम स्वनिधि सम्मान पुरस्कारों में डिजिटल अडॉप्शन एक महत्वपूर्ण श्रेणी है। इसके तहत उन नगरीय निकायों को सम्मानित किया जाता है, जिन्होंने अधिक से अधिक पथ विक्रेताओं को डिजिटल भुगतान प्रणाली से जोड़ने और डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने में उल्लेखनीय कार्य किया है।
2024 में भी मिला था राष्ट्रीय सम्मान
बिलासपुर के लिए यह उपलब्धि पहली नहीं है। वर्ष 2024 में भी प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के बेहतर क्रियान्वयन, निर्धारित लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त करने और उनका समय-सीमा में निराकरण करने के लिए नगर निगम को नई दिल्ली में स्पार्क अवार्ड से सम्मानित किया गया था। अब वर्ष 2026 में डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में देशभर में दूसरा स्थान हासिल करना इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों की निरंतरता को दर्शाता है।
पथ विक्रेताओं के जीवन में आया सकारात्मक बदलाव-अरुण साव-:

उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ के साथ बिलासपुर और दंतेवाड़ा जिले के बड़े बचेली नगरीय निकाय को अडॉप्शन श्रेणी में राष्ट्रीय सम्मान मिलना नगरीय निकायों के समर्पित प्रयासों का परिणाम है। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के माध्यम से पथ विक्रेताओं को संस्थागत ऋण, डिजिटल लेन-देन और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की उपलब्धियां नगरीय निकायों को पथ विक्रेताओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए और प्रतिबद्धता से काम करने की प्रेरणा देती हैं।
आत्मनिर्भरता की नई राह दिखा रही योजना महापौर महापौर पूजा विधानी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पीएम स्वनिधि योजना ने स्ट्रीट वेंडर्स को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ उन्हें डिजिटल लेन-देन से जोड़कर आत्मनिर्भरता की नई राह दिखाई है। उन्होंने इस सम्मान के लिए सभी हितधारकों, निगम अधिकारियों-कर्मचारियों और लाभार्थी व्यापारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
टीमवर्क का परिणाम है राष्ट्रीय सम्मान निगम आयुक्त-:
नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना के सफल क्रियान्वयन और डिजिटल अडॉप्शन के क्षेत्र में नगर निगम बिलासपुर को राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना पूरे निगम परिवार के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय निगम की टीम, योजना के हितग्राहियों और शहरवासियों के सहयोग को देते हुए सभी को बधाई दी। साथ ही भविष्य में भी योजनाओं का और बेहतर क्रियान्वयन करने का संकल्प व्यक्त किया।
निश्चित ही, राष्ट्रीय स्तर पर लगातार मिल रहे सम्मान बिलासपुर के लिए गौरव का विषय हैं। खासकर छोटे व्यापारियों को डिजिटल अर्थव्यवस्था से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मिली यह पहचान शहर के विकास की उस तस्वीर को सामने लाती है, जिसमें तरक्की का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास दिखाई देता है।

