सरकंडा क्षेत्र की घटना जाँच मे जुटी पुलिस
26 जून 2023
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] पत्नी को ससुराल नही भेजने से नाराज सरफिरे जीजा ने अपने साले को चाकू से वार कर मौत के घाट उतारा। पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।
सरकंडा थाना क्षेत्र के देवनंदन नगर की घटना उसने ने साले को घर बुलाया और अपने ही घर के सामने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंचे स्वजन ने घायल को अस्पताल पहुंचाया लेकिन डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है। सरकंडा पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार सरकंडा क्षेत्र के देवनंदन नगर में रहने वाली रोमा शर्मा की शादी चार साल पहले मोहल्ले में रहने वाले संजीव बाजपेई के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही संजीव अपनी पत्नी से पारिवारिक बातों को लेकर विवाद करता था। रोमा ने इसकी शिकायत महिला थाने में की थी। जिस पर उन्हें परिवार परामर्श केंद्र भेज दिया गया था।
जहा पर संजीव ने अपनी आदतों में सुधार का आश्वासन देकर अपनी पत्नी को घर ले आया था। इसके बाद भी उसकी आदतों में सुधार नहीं हुआ। एक महीने पहले उसने अपनी पत्नी रोमा से मारपीट की थी। जिसके बाद से रोमा अपने मायके में रह रही थी। इधर संजीव अपने साले विजय और अजय को फोन कर पत्नी को घर भेजने के लिए कहा करता था। अजय और विजय उसे अपनी आदतों में सुधार करने और शराब छोड़ने के लिए कहते थे। इसी बात को लेकर संजीव दोनों भाईयों से गाली-गलौज किया करता था।

ज्ञात हो की रविवार की रात 12 बजे संजीव ने अपने साले अजय को काल कर अपने घर के पास बुलाया, जैसे ही अजय अपने जीजा के घर के पास पहुंचा संजीव ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, हमले में घायल अजय लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर गया। उसकी चीख पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी परिजन को दी। इस पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्होंने घायल अजय को सिम्स पहुंचाया। जहां पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर घटना की सूचना पुलिस को दी। इस पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पंचनामा कराया है। पुलिस ने संजीव के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। इस घटना में आरोपी संजीव वाजपेई को भी चोट लगी है जिसका इलाज सिम्स अस्पताल में चल रहा है।

