पहले मतदान फिर दुकान…{कैट} ने मतदान जागरूकता के लिए चलाया अभियान:
05 अक्टूबर 2023
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़} बिलासपुर कन्फ़ेडरेशन ऑफ़ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने भी व्यापारी वर्ग के शत प्रतिशत मतदान के लिए “पहले मतदान फिर दुकान” के नाम से जागरूकता अभियान प्रारम्भ किया है। कैट के प्रदेश उपाध्यक्ष राजू सलूजा ने इस अभियान के सम्बंध में बताया कि मतदान करना प्रत्येक नागरिक का राष्ट्रीय कर्तव्य है , जहां तक व्यापारी भाइयों की बात है जिले की आधी आबादी व्यापार पर प्रत्यक्ष रूप से निर्भर है और आधी आबादी अप्रत्यक्ष रूप से। प्रत्येक व्यापारी चाहे वह छोटा दुकानदार हो, राइस मिलर हो, ट्रांसपोर्टर हो, उद्यमी हो या कंपनी हो उनके परिवार के सदस्य के साथ ही उनके संस्था में कार्यरत कर्मचारी और उनके परिवार के सदस्य सभी व्यापार पर प्रत्यक्ष रूप से निर्भर है और कैट इन सबके शत प्रतिशत मतदान को सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। कैट का दावा है कि इस चुनाव में व्यापारी अपनी महत्वपूर्ण एवं बड़ी भूमिका निभाएगा। राजू ने कहा कि देश में जय जवान, जय किसान के जैसे ही जय व्यापार का स्थान है, इसलिए लोकतंत्र की असली ताकत मतदान को भूलना नहीं है और बिना किसी बहाने के सबसे पहले मतदान फिर दुकान का भाव रखते हुए अपने और अपने कर्मचारियों को 17 नवम्बर को सुबह मतदान करने के लिए छुट्टी देने का संकल्प लेने का आग्रह कैट ने किया है , इसके साथ ही यह भी सुनिश्चित कर लें कि सभी ने मतदान किया है या नहीं। छतीसगढ़ में हम सरकार चुनने जा रहे हैं, इसलिए सभी व्यापारी का एक-एक वोट बहुमूल्य है. अपने मतदान की ताकत को व्यर्थ नहीं करें यही कैट का सभी व्यापारी भाइयों से आग्रह है। सलूजा ने बताया कि प्रत्येक व्यापारी का दिन भर में सैकड़ों, हजारों लोगों के साथ सम्पर्क होता है। इसलिए कैट ने व्यापारियों से अपने ग्राहकों और सम्पर्क के लोगों को भी मतदान करने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया है . साथ ही आग्रह करते हुए राजू सलूजा ने अपील की है कि बिना किसी दबाव, लालच या स्वार्थ के अपने स्व विवेक से अपने मतदान का सही उपयोग करने एवं व्यापार के हित में मतदान करें।

