शेड से लेकर पार्किंग बिजली पानी और शौचालय तक की व्यवस्था निगम कमिश्नर ने किया निरीक्षण…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] शहर के प्रमुख सब्जी बाजार बृहस्पति बाजार के बहुप्रतीक्षित पुनर्विकास कार्य की तैयारियां शुरू हो गई हैं। बाजार के व्यवस्थित विकास और निर्माण कार्य को गति देने के लिए यहां कारोबार करने वाले सब्जी व्यापारियों को अस्थायी रूप से पं. मुन्नूलाल शुक्ल स्कूल परिसर में शिफ्ट किया जाएगा। इसके लिए रिवर व्यू के किनारे स्थित स्कूल मैदान को पूरी तरह अस्थायी बाजार के रूप में विकसित कर लिया गया है। यहां 37 दुकानें और 226 चबूतरे तैयार किए गए हैं। व्यापारियों की शिफ्टिंग 1 दिसंबर से प्रस्तावित है।
अस्थायी बाजार में की गई व्यवस्थाओं का जायजा लेने नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने निरीक्षण किया। उन्होंने बाजार परिसर में दुकानों, चबूतरों, शेड, पार्किंग, पेयजल, बिजली और शौचालय सहित तमाम सुविधाओं का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि व्यापारियों के साथ बाजार पहुंचने वाले आम नागरिकों को भी किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं।
धूप और बारिश से बचाव के साथ मूलभूत सुविधाएं-:

नगर निगम ने अस्थायी बाजार में व्यापारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 37 दुकानें और 226 चबूतरे बनवाए हैं। सब्जी विक्रेताओं को धूप और बारिश से बचाने के लिए चबूतरों के ऊपर पक्के शेड का निर्माण किया गया है। इसके अलावा महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय, पार्किंग, बिजली और पानी की व्यवस्था भी की गई है। निगम का प्रयास है कि बृहस्पति बाजार के पुनर्विकास के दौरान व्यापारियों का कारोबार प्रभावित न हो और उन्हें एक व्यवस्थित स्थान पर व्यवसाय करने की सुविधा मिलती रहे।
13.39 करोड़ से बदलेगी बृहस्पति बाजार की तस्वीर-:

बृहस्पति बाजार के पुनर्विकास पर नगर निगम डीएमएफ मद से 13 करोड़ 39 लाख रुपये खर्च करेगा। इस राशि से बाजार को नए और व्यवस्थित स्वरूप में विकसित किया जाएगा। वर्तमान में बाजार क्षेत्र में अव्यवस्थित दुकानें, बजबजाती नालियां, गंदगी और पार्किंग की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। पुनर्विकास के बाद इन समस्याओं से निजात मिलने की उम्मीद है।
नई योजना के तहत सब्जी विक्रेताओं को व्यवस्थित और सुविधायुक्त व्यावसायिक स्थान मिलेगा वहीं शहरवासियों को भी स्वच्छ वातावरण में खरीदारी की सुविधा उपलब्ध होगी। बाजार परिसर की बेहतर प्लानिंग से पार्किंग व्यवस्था सुधरेगी और बृहस्पति बाजार चौक के आसपास लगने वाले जाम से भी राहत मिलने की संभावना है।
बाजार के साथ यातायात व्यवस्था सुधारने पर भी जोर-:

बृहस्पति बाजार का कायाकल्प केवल दुकानों और चबूतरों के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य पूरे क्षेत्र को व्यवस्थित करना है। बाजार में पार्किंग की समस्या दूर होने से सड़क पर वाहनों का दबाव कम होगा और यातायात को सुगम बनाने में मदद मिलेगी। अब सबकी निगाहें 1 दिसंबर से प्रस्तावित व्यापारियों की शिफ्टिंग और इसके बाद शुरू होने वाले पुनर्विकास कार्य पर टिकी हैं।

