अनुशासन व्यावहारिक दक्षता और मानवीय संवेदनशीलता को बताया सफलता का आधार…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] शासकीय फिजियोथेरेपी महाविद्यालय, बिलासपुर में नवप्रवेशित बीपीटी विद्यार्थियों के लिए आयोजित छह दिवसीय इंडक्शन एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम ‘प्रारंभ–2026’ का उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय समापन हुआ। इस छह दिवसीय आयोजन में विद्यार्थियों को न केवल फिजियोथेरेपी की शैक्षणिक बारीकियों और व्यावहारिक कौशल से परिचित कराया गया, बल्कि मरीजों के प्रति संवेदनशीलता, सेवाभाव और चिकित्सा क्षेत्र में व्यावसायिक जिम्मेदारियों का भी बोध कराया गया। कार्यक्रम का मूल संदेश रहा कि एक सफल फिजियोथेरेपिस्ट बनने के लिए किताबी ज्ञान के साथ मानवीय दृष्टिकोण और समर्पण भी अनिवार्य है।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि सिम्स के संयुक्त संचालक एवं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह थे। कार्यक्रम में सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति सहित डॉ. रेखा बारापात्रे, विभागाध्यक्ष माइक्रोबायोलॉजी, डॉ. श्रेया टोड़ी, विभागाध्यक्ष फार्माकोलॉजी, डॉ. एंटनी राका बेन, विभागाध्यक्ष अस्थि रोग विभाग तथा डॉ. संजय कुमार घिल्ली एवं डॉ. सोमेश शुक्ला, सहायक प्राध्यापक, अस्थि रोग विभाग विशेष रूप से उपस्थित रहे।
चिकित्सा शिक्षा का उद्देश्य बेहतर स्वास्थ्य पेशेवर तैयार करना : डॉ. रमणेश मूर्ति
अपने संबोधन में सिम्स अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने कहा कि चिकित्सा शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान अर्जित करना अथवा परीक्षाएं उत्तीर्ण करना नहीं, बल्कि ऐसे दक्ष और संवेदनशील स्वास्थ्य पेशेवर तैयार करना है, जो मरीजों की जरूरतों को समझकर उन्हें बेहतर उपचार एवं पुनर्वास सेवाएं दे सकें। उन्होंने कहा कि आधुनिक चिकित्सा व्यवस्था में फिजियोथेरेपी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। दुर्घटना, चोट, शल्य चिकित्सा और विभिन्न शारीरिक समस्याओं के बाद मरीज को पुनः सामान्य जीवन की ओर लौटाने में फिजियोथेरेपिस्ट का योगदान निर्णायक होता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को शुरुआती दौर से ही अनुशासन, नियमित अभ्यास, मेहनत और सीखने की जिज्ञासा बनाए रखने की सलाह दी। साथ ही कहा कि मरीजों के साथ बेहतर संवाद, सम्मान, धैर्य और मानवीय संवेदनशीलता को अपने व्यावसायिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं। चिकित्सा क्षेत्र में तेजी से विकसित हो रही नई तकनीकों और उपचार पद्धतियों के अनुरूप स्वयं को अपडेट रखना भी आवश्यक है। उन्होंने ‘प्रारंभ–2026’ को विद्यार्थियों के लिए महाविद्यालयीन वातावरण और भावी व्यावसायिक दायित्वों को समझने की महत्वपूर्ण पहल बताया।

ज्ञान के साथ सेवाभाव और व्यावहारिक दक्षता भी जरूरी : डॉ. लखन सिंह मुख्य अतिथि डॉ. लखन सिंह ने कहा कि फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में सफलता के लिए अकादमिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक दक्षता, अनुशासन और मरीजों के प्रति सेवाभाव जरूरी है। एक अच्छे फिजियोथेरेपिस्ट को मरीज की शारीरिक परेशानी के साथ उसकी मानसिक स्थिति और भावनाओं को भी समझना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ अध्ययन करने और अपने ज्ञान व कौशल के माध्यम से समाज तथा स्वास्थ्य सेवाओं में सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
प्रमाण-पत्र पाकर खिले विद्यार्थियों के चेहरे
समापन अवसर पर विद्यार्थियों ने छह दिनों के दौरान प्राप्त अनुभवों, गतिविधियों और सीख को साझा किया। इसके बाद अतिथियों ने कार्यक्रम में सहभागिता करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए। प्रमाण-पत्र प्राप्त कर विद्यार्थियों में खासा उत्साह और प्रसन्नता दिखाई दी।

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. वंदना पटेल ने अतिथियों, विषय विशेषज्ञों और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी संकाय सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ‘प्रारंभ–2026’ विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं व्यावसायिक जीवन की महत्वपूर्ण शुरुआत है। इसका उद्देश्य उन्हें भविष्य में एक कुशल, संवेदनशील और जिम्मेदार फिजियोथेरेपिस्ट के रूप में विकसित करना है।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण डॉ. विजया बरवा, डॉ. यामिनी, डॉ. प्रगति दुआ, डॉ. नोकेशमणि भक्त, डॉ. हरनारायण एवं श्री प्रांतिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन नई ऊर्जा आत्मविश्वास और फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देने के संकल्प के साथ हुआ।

