शिकायत पर पुलिस की जांच में कुंए में तैरते मिली नवजात बच्ची की लाश गांव में फैली सनसनी…
02 जून 2024
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] मस्तूरी क्षेत्र के किरारी में रहस्यमय तरीके से गायब बच्ची की लाश कुंए में तैरती हुई मिली है। पुलिस ने शव निकलकर पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है मामले में जल्द ही इसका खुलासा होगा। इस बीच घटना को लेकर गांव में कोहराम मचा हुआ है।
ज्ञात हो कि मस्तूरी थाना क्षेत्र के किरारी गांव में रहने वाले एक परिवार के घर से आधी रात 24 दिन की नवजात बच्ची रहस्यमय तरीके से गायब हो गई थी। मामले की सूचना पर गांव पहुंची पुलिस परिजनों से पूछताछ के बाद बच्ची की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान गांव के ही एक कुएं में नवजात की लाश मिली है। पुलिस ने बच्ची के शव को बाहर निकालकर अपने कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दी है। इधर लाश मिलने के बाद बच्ची की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। दूसरी ओर गांव में कोहराम मचा हुआ है। जिज्ञासावश आसपास के गांव के लोग भी किरार पहुंच गए है। लोग कई तरह की चर्चा कर रहे है साथ ही वास्तविकता जानने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे है। हालांकि पुलिस कह रही है कि जल्द हो मामले का खुलासा किया जाएगा।

बच्ची की मां का कहना है कि उसकी 3 बेटियां हैं। जिनमें से सबसे छोटी बेटी को लेकर वह सोई हुई थी। रात्रि 2 से 2.30 बजे के आसपास नींद खुली तो देखी कि बच्ची बिस्तर से गायब थी। इसकी जानकारी पति के अलावा अन्य सदस्यों को दी। घर के अंदर और बाहर ढूंढा गया। नहीं मिली तो पड़ोसियों को जगाया गया। इसके बाद रात से ही गांव के लोग बच्ची को ढूंढ रहे थे। गांव के गली, मोहल्लों, तालाब और कुंए में भी उसकी तलाश कर रहे थे। घर में प्रवेश करने का एक दरवाजा है और छत पर भी एक दरवाजा है। घर वालों ने बताया कि सोने से पहले दोनों दरवाजों को खुद ही अंदर से बंद किया और खोला।

