13 वर्षीय बच्ची पूनम का एमएमआई नारायणा में हुआ निःशुल्क सफल जटिल ऑपरेशन परिजनों ने डिप्टी सीएम का जताया आभार…
06 जुलाई 2024
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] चांटीडीह स्लम एरिया में निवासरत शीतलदास मानिकपुरी जो कि कबाड़ के काम मे रोजी मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता है। पिता शीतलदास माँ रामेश्वरी बाई की 13 वर्षीय नाबालिक पुत्री को विगत दिनों कुछ शारीरिक परेशानी उत्पन्न होने लगी बच्ची के परिजनों ने स्थानीय डॉक्टर्स को दिखाया जिसमे डॉक्टरों ने बच्ची के दिल मे छेद होने की जानकारी दी। जिसका इलाज जटिल ऑपरेशन ही एक मात्र उपाय बताया गया। अब माता पिता दोनो उचित जानकारी के अभाव व आर्थिक रूप से बेहद कमजोर होने के कारण विगत दो वर्षों से इधर-उधर बच्ची के इलाज हेतु मदद की गुहार लगाते रहे परंतु एक तो गरीबी दूसरा अज्ञानता दोनो ही आड़े आ रही थी कि किसी ने उन्हें सत्यसाईं बाबा हॉस्पिटल रायपुर में इसका निःशुल्क इलाज होने की जानकारी दी।
माता -पिता दोनो ने बच्ची को लेकर रायपुर पहुँच गए पर इलाज के लिए टोकन नही मिलने के कारण उन्हें उसी हॉस्पिटल के सड़क किनारे रात गुजार कर टोकन का 5 दिन इंतजार करने के बाद भी जब टोकन नही मिला तब रोजी रोज़गार की समस्या भी आन पड़ी उस स्तिथि में माँ पिता दोनो बेबस होकर बच्ची को बिना इलाज कराए वापस बिलासपुर आ गए और अब ऊपर वाले के सहारे के अलावा उनके पास कोई विकल्प नहीं था।

इस मामले की विस्तृत जानकारी बिलासपुर के ही पत्रकार मनोज राज व उमेश सिंह ठाकुर को मिली तब पत्रकार मनोज राज ने इसे गम्भीरता से लेते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव जी से फोन पर बात कर पीड़ित बच्ची के इलाज हेतु उचित व्यवस्था की बात कही उप मुख्यमंत्री ने इस विषय को बेहद गंभीरता से लेते हुए तत्काल संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से बच्ची की मदद करने दिशा-निर्देश दिए परिणाम स्वरूप 25 जून 2024 को एमएमआई नारायणा हॉस्पिटल में पीड़ित बच्ची का सफलतापूर्वक निःशुल्क ऑपरेशन हुआ और अब बच्ची डॉक्टर की कुछ दिनों के परहेज के साथ अपने परिवार में बेहद खुश है।
बच्ची के माता पिता ने आज उप मुख्यमंत्री अरुण साव के निवास में मुलाकात कर उन्हें धन्यवाद प्रेषित किया।

