आईईडी ब्लास्ट से हमला…ड्राइवर सहित 9 जवान हुए शहीद…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़} बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा जिले से बड़ी दुखद खबर आई है, जहां नक्सलियों ने पुलिस वाहन को आईईडी ब्लास्ट कर उड़ा दिया। ब्लास्ट में 8 जवान सहित एक ड्राइवर भी शहीद हो गया हैं।

नक्सलियों ने दंतेवाड़ा जिले के कुटरू मार्ग के बेदरी के पास अंबेली नाला पर आईईडी धमाका कर पुलिस के वाहन को निशाना बनाया है। पिकअप वाहन पर सवार डीआरजी दंतेवाड़ा के जवान सवार थे। ये जवान सर्चिंग और रोड क्लीयरेंस अभियान पर निकले थे।

नक्सलियों ने कच्ची सड़क के बीचों-बीच गड्ढा खोदकर वहां भारी मात्रा में आईईडी प्लांट कर रखा था। जैसे ही जवानों का पिकअप वाहन जद में आया, जबरदस्त धमाका हो गया।

धमाके में वाहन के परखच्चे उड़ गए और उस पर 8 जवान सहित एक ड्राइवर भी शहीद हो गया। अतिरिक्त फोर्स घटना स्थल के लिए बीजापुर और दंतेवाड़ा से रवाना हो गया है।

