उप मुख्यमंत्री अरुण साव और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने सुपर स्पेशलिटी अस्पताल और प्रस्तावित सिम्स परिसर का किया निरीक्षण…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़} न्यायधानी बिलासपुर के कोनी क्षेत्र को चिकित्सा शिक्षा और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। यहां लगभग 1440 करोड़ रुपये की लागत से सिम्स का नया एकीकृत परिसर बनाया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत मेडिकल कॉलेज भवन के साथ छात्रावास, फिजियोथैरेपी कॉलेज और नर्सिंग कॉलेज जैसी सुविधाएं भी विकसित होंगी। इन संस्थानों के एक ही परिसर में स्थापित होने से कोनी आने वाले समय में चिकित्सा शिक्षा, विशेषज्ञ उपचार और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रमुख केंद्र के रूप में उभरेगा।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव और स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने शुक्रवार को कोनी स्थित स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव स्मृति सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने सिम्स के प्रस्तावित नए भवन के लिए निर्धारित स्थल का जायजा लेकर अधिकारियों से परियोजना की जानकारी ली। इस दौरान स्थानीय विधायक सुशांत शुक्ला भी मौजूद रहे।
मरीजों से मिले, स्वास्थ्य सुविधाओं का लिया जायजा-:

निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में उपचार करा रहे मरीजों से मुलाकात की। उन्होंने मरीजों का हालचाल जाना और उन्हें उपलब्ध कराए जा रहे उपचार के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद प्रस्तावित सिम्स परिसर का निरीक्षण कर चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की।
अधिकारियों ने बताया कि प्रस्तावित एकीकृत परिसर में चिकित्सा शिक्षा से संबंधित विभिन्न संस्थानों के लिए आधुनिक अधोसंरचना विकसित की जाएगी। छात्रावास भवन के निर्माण पर 50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे विद्यार्थियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं मिल सकेंगी और चिकित्सा शिक्षा के लिए आवश्यक संसाधन एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगे।
कैंसर अस्पताल से आयुर्वेद कॉलेज तक, बढ़ेंगी उपचार सुविधाएं-:
कोनी और आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने बताया कि सेंदरी स्थित 100 बिस्तरों वाले मानसिक अस्पताल की क्षमता बढ़ाकर 200 बिस्तर कर दी गई है। वहीं, लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से आयुर्वेदिक कॉलेज का निर्माण भी जारी है। इसी क्षेत्र में कैंसर अस्पताल का निर्माण भी लगभग पूर्णता की ओर है।
सिम्स के नए एकीकृत परिसर, सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, आयुर्वेदिक कॉलेज और कैंसर अस्पताल जैसी परियोजनाओं से बिलासपुर सहित आसपास के जिलों के मरीजों को बेहतर और उन्नत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इससे गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए दूसरे बड़े शहरों पर निर्भरता कम करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।

समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निर्माण पर जोर
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि कोनी में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार बिलासपुर सहित पूरे क्षेत्र के लिए लाभकारी होगा। सिम्स के नए एकीकृत परिसर के निर्माण से विद्यार्थियों को अध्ययन एवं प्रशिक्षण के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा, वहीं स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े संस्थानों को आधुनिक अधोसंरचना उपलब्ध होगी। उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं का निर्माण समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि सिम्स बिलासपुर के लोगों की भावनाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण संस्थान है। इसके विकास और सुविधाओं के विस्तार को सरकार सर्वोच्च प्राथमिकता देगी। नए परिसर के निर्माण से चिकित्सा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण सुविधाएं मिलेंगी और स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी।
चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई पहचान
कोनी में एकीकृत चिकित्सा परिसर सहित विभिन्न स्वास्थ्य परियोजनाओं का विकास बिलासपुर की स्वास्थ्य अधोसंरचना को नई दिशा देने वाला है। मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग और फिजियोथैरेपी कॉलेज के साथ सुपर स्पेशलिटी और कैंसर उपचार सुविधाओं का विस्तार चिकित्सा शिक्षा, विशेषज्ञ सेवाओं और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा दे सकता है। परियोजनाओं के पूरा होने के साथ कोनी क्षेत्र के प्रदेश के प्रमुख चिकित्सा केंद्रों में शामिल होने की संभावनाएं मजबूत होंगी।
निरीक्षण के दौरान चिकित्सा शिक्षा विभाग के सचिव अमित कटारिया, आयुक्त चिकित्सा शिक्षा रितेश कुमार अग्रवाल, आयुक्त स्वास्थ्य सेवाएं संजीव झा, सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति, सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के नोडल अधिकारी डॉ. बी.पी. सिंह, डॉ. भूपेंद्र कश्यप सहित अन्य अधिकारी और चिकित्सक उपस्थित रहे।

