आरोपी की दो करोड़ की संपत्ति जब्त..
मामला फिर पहुंचा सफेमा कोर्ट प्रदेश में दूसरी बड़ी कार्रवाई में बिलासपुर होगा शामिल…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] नशे के अवैध कारोबार पर कड़ी कार्रवाई करते हुए बिलासपुर पुलिस ने 2 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त की है। आरोपी ने नशीली दवाओं की तस्करी से यह संपत्ति अर्जित की थी। पुलिस की इस कार्रवाई ने नशे के खिलाफ चल रही मुहिम को और मजबूती दी है।

आरोपी की गिरफ्तारी और संपत्ति जब्त मामले का खुलासा करते हुए एसपी रजनेश सिंह ने बताया कि सिविल लाइन पुलिस ने सृष्टि कुर्रे नामक महिला को नशीली दवाओं की तस्करी में गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान पता चला कि वह गिन्नी जांगड़े और संजीव सिंह उर्फ सुच्चा सिंह छाबड़ा के साथ मिलकर नशीली दवाओं का नेटवर्क चला रही थी। जबलपुर से गिरफ्तार संजीव सिंह के खिलाफ जांच के बाद यह खुलासा हुआ कि उसने मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और हरियाणा में अवैध धन से संपत्तियां खरीदी थीं।

जब्त संपत्ति का विवरण
मध्यप्रदेश (जबलपुर): 4190 वर्गफुट जमीन और निर्माणाधीन मकान-दुकान (65 लाख रुपये)।
महाराष्ट्र (नागपुर): चार दुकानें और जमीन (1.08 करोड़ रुपये)।
हरियाणा (फरीदाबाद): जमीन खरीदने के लिए 20 लाख रुपये एडवांस।
शेयरों में निवेश: 4.96 लाख रुपये।
बैंक खातों में जमा: 7.77 लाख रुपये।

फर्जी कंपनी के जरिए मनी लॉन्ड्रिंग एएसपी अनुज कुमार ने बताया कि आरोपी ने “छाबड़ा कंस्ट्रक्शन” नाम से फर्जी कंपनी बनाकर अवैध धन को वैध दिखाने का प्रयास किया। उसने रिश्तेदारों के खातों में पैसा जमा कर फर्म के खाते में ट्रांसफर किया और फिर अलग-अलग जगहों पर निवेश किया।
सप्लाई चेन का खुलासा-:
सीएसपी निमितेष सिंह ने बताया कि आरोपी ने नशे का व्यापक नेटवर्क बना लिया था। पार्सल और बसों के जरिए नशीली दवाओं की सप्लाई की जाती थी, जबकि ऑनलाइन माध्यमों से लेन-देन होता था।
सफेमा कोर्ट में मामला पेश-:
पुलिस ने जब्त संपत्तियों को सफेमा (SAFEMA) कोर्ट में पेश किया है। यह कार्रवाई नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
समाज के लिए संदेश-:
यह कार्रवाई पुलिस की कड़ी मेहनत और प्रतिबद्धता को दर्शाती है। नशे के खिलाफ यह मुहिम न केवल अपराधियों को सबक सिखाएगी बल्कि समाज को भी इस समस्या के प्रति जागरूक करेगी।

