चुनाव में बाँटने की थी तैयारी..ऐसी आशंका..? आरोपियों से पूछताछ के बाद ही होगा खुलासा…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]आबकारी विभाग की स्टेट और डिविजन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1000 पेटी अंग्रेजी शराब से भरा कंटेनर जब्त की है। इस अवैध शराब की कीमत लगभग एक करोड़ रुपये आंकी जा रही है। यह शराब गोवा से भूटान के नाम पर फर्जी पर्ची बनाकर कन्टेनर में जा रही थी, लेकिन इसे चुनाव में खपाने के लिए लाया गया था या नही इसकी अभी पुष्टि होने आधिकारिक रूप से बाकी है।
बताया जा रहा है कि आबकारी विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि एक कंटेनर में भारी मात्रा में अवैध शराब लाई जा रही है। इस पर टीम ने बिलासपुर के छतौना के पास चेकिंग अभियान चलाया और कंटेनर को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान कंटेनर में 1000 पेटी अंग्रेजी शराब मिली, जिस पर कोई होलोग्राम नहीं था।
टीम को जांच में यह भी पता चला कि इस शराब को बिलासपुर में उतारने के लिए जय मां लक्ष्मी कोड का इस्तेमाल किया जा रहा था। यह कोड डीलरों के बीच पहचान का जरिया था, जिससे शराब को गुप्त तरीके से बाजार में खपाया जा सके।
कार्रवाई के दौरान टीम ने कंटेनर के ड्राइवर और डिलीवरी बॉय को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि यह शराब पंकज सिंह और जय बघेल के लिए लाई जा रही थी। वहीं, शराब की तस्करी को छिपाने के लिए गोवा से भूटान का फर्जी परमिट तैयार किया गया था।

आबकारी विभाग ने जब्त शराब को अपने कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। विभाग के अनुसार, यह शराब चुनाव में अवैध तरीके से बांटने के लिए लाई गई थी। फिलहाल, पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ जारी है और इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

