बिलासपु-[जनहित न्यूज़] आज, 10 फरवरी को प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक सावन वर्मा का जन्मदिन धूमधाम से मनाया जा रहा है। भारतीय सिनेमा में उनके उत्कृष्ट योगदान को देखते हुए हाल ही में उन्हें “वीरांगना नीरा आर्य सम्मान” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें 26 जनवरी 2025 को उत्तर प्रदेश के खेकड़ा, बागपत स्थित नीरा आर्य स्मारक एवं पुस्तकालय में उनकी हिंदी फिल्म “आर्य पुत्री” के निर्देशन के लिए दिया गया।

संघर्ष से सफलता तक का सफर:-
सावन वर्मा का जन्म 10 फरवरी 1966 को उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के निपानिया गांव में हुआ। उनके पिता राम यज्ञ वर्मा और मां दुलारी देवी ने उन्हें संस्कार और शिक्षा के पथ पर अग्रसर किया। प्रारंभिक शिक्षा बस्ती जिले में प्राप्त करने के बाद उन्होंने स्नातक कानपुर विश्वविद्यालय से किया। स्नातक के बाद अपने सपनों को साकार करने के लिए वह मुंबई चले गए। संघर्षपूर्ण जीवन के बाद उन्होंने फिल्म निर्देशन के क्षेत्र में अपना स्थान बनाया।

भाषायी सिनेमा में दिया योगदान:-
सावन वर्मा ने हिंदी के अलावा भोजपुरी, राजस्थानी, मराठी, गुजराती और छत्तीसगढ़ी भाषाओं में भी कई सफल फिल्में निर्देशित की हैं। उनकी चर्चित फिल्मों में शहीद क्रांतिकारी पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, घर चलो ना पापा, आर्य पुत्री, अध कटा रुख, वैदेही, बाईसा राणा राज, जनता दरबार, तुलसी बिन सूना आंगनवा, मृत्युंजय, और लाडली राधा रानी जैसी फिल्में शामिल हैं।

सम्मान और शुभकामनाएं-:
उनकी कड़ी मेहनत और निर्देशन की प्रतिभा को “वीरांगना नीरा आर्य सम्मान” से मान्यता मिलना गर्व की बात है। सावन वर्मा के जन्मदिन पर उनके प्रशंसक और भारतीय सिनेमा प्रेमी उनके स्वस्थ, दीर्घायु और उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं।

भारतीय सिनेमा के इस ध्वजवाहक को उनके योगदान के लिए हार्दिक शुभकामनाएं।


