अब कोनी में 9 करोड़ की लागत से बनेगा अत्याधुनिक तीन मंजिला तहसील कार्यालय
बिलासपुर-{जनहित न्यूज} शहरवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी! अब नेहरू चौक की भीड़-भाड़ और ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी, क्योंकि तहसील कार्यालय को कोनी में स्थानांतरित किया जा रहा है। राज्य शासन ने इसके लिए 9 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान कर दी है। नया भवन कोनी में निर्माणाधीन कमिश्नर कार्यालय के पास तीन मंजिला आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनेगा।
कलेक्टर की पहल पर मिली स्वीकृति
कलेक्टर अवनीश शरण के प्रयासों से यह संभव हो पाया। उन्होंने उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी को इस नए भवन की जरूरत का औचित्य समझाते हुए इसकी मंजूरी दिलाई। पुराने भवन में जगह की कमी और जर्जर हालत को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

भीड़भाड़ और अव्यवस्था से मिलेगा छुटकारा
वर्तमान तहसील कार्यालय शहर के सबसे व्यस्त नेहरू चौक पर स्थित है, जहां रोजाना भारी भीड़ उमड़ती है। ट्रैफिक जाम और दुर्घटनाओं की आशंका हमेशा बनी रहती है। पुराने भवन में तहसील की सभी शाखाओं के लिए पर्याप्त स्थान नहीं था, जिससे जनता और अधिकारियों को असुविधा होती थी। बरसात में जलभराव की समस्या भी गंभीर थी।
नए भवन की खासियतें कोनी में बनने वाला यह नया तहसील कार्यालय पूरी तरह से आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा।
बेसमेंट: पार्किंग और लिफ्ट सुविधा
भूतल: पार्किंग, कैंटीन, फोटोकॉपी सेंटर, पुरुष एवं महिला शौचालय पहली मंजिल: 6 कोर्ट रूम, स्टेनो, कानूनगो, रिटर्निंग रूम, कार्य क्षेत्र, लॉबी, दिव्यांगों के लिए विशेष सुविधाएं
दूसरी मंजिल: एसडीएम कोर्ट, वीसी रूम, प्रोजेक्टर कंप्यूटर, रिकॉर्ड रूम, डेटा सेंटर, किचन और अन्य आधुनिक सुविधाएं
जनता को मिलेगी राहत नए भवन में सभी विभागों के लिए अलग-अलग कक्ष होंगे, जिससे दस्तावेज़ों की सुरक्षा और सुगमता से उपलब्धता सुनिश्चित होगी।

बैठने की समुचित व्यवस्था, पर्याप्त पार्किंग और तकनीकी सुविधाओं के साथ यह भवन शहर के प्रशासनिक ढांचे को और अधिक प्रभावी बनाएगा।
शहर की बढ़ती आबादी और ट्रैफिक को देखते हुए प्रशासन का यह कदम स्वागत योग्य है। कोनी में बनने वाला नया तहसील कार्यालय, आधुनिकता और सुव्यवस्था का प्रतीक बनेगा।

