24 करोड़ 27 लाख 52 हजार की लागत से होगा निर्माण लाखों लोगों को मिलेगा लाभ
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}बिलासपुर शहर के बढ़ते यातायात और क्षेत्रवासियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मंगला से लोधीपारा (सरकंडा) के बीच अरपा नदी पर नया पुल बनाया जाएगा। इस पुल के निर्माण के लिए राज्य शासन ने 24 करोड़ 27 लाख 52 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। पुल बनने से लाखों राहगीरों को लाभ मिलेगा और शहर में ट्रैफिक दबाव कम होगा। इस पुल के माध्यम से उस्लापुर से सीधे कोनी पहुंचा जा सकेगा, जिससे लोगों के समय और ईंधन की बचत होगी।
बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने पुल की मंजूरी के लिए शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए। उन्होंने 14 नवंबर 2024 को उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण विभाग के मंत्री अरूण साव को पत्र लिखकर इस पुल के निर्माण की मांग की थी। लोक निर्माण विभाग ने इसे 2023-24 के बजट में शामिल किया था, लेकिन प्रशासकीय स्वीकृति लंबित थी। अब राज्य सरकार से मंजूरी मिलने के बाद पुल निर्माण की प्रक्रिया जल्द ही शुरू होगी। विधायक सुशांत शुक्ला ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री अरूण साव का आभार व्यक्त किया है।
पुल निर्माण से क्षेत्रवासियों को होगा बड़ा लाभ
यह पुल मंगला और लोधीपारा को जोड़ने के साथ-साथ उस्लापुर से कोनी की कनेक्टिविटी को भी सुगम बनाएगा। इस मार्ग से यात्रा करने वाले हजारों लोगों को अब लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। इसके अलावा, शहर के अन्य पुलों पर ट्रैफिक दबाव कम होगा और वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा
विधायक सुशांत शुक्ला ने अपने पत्र में उल्लेख किया था कि अरपा नदी के दोनों किनारों पर घनी आबादी बसती है। वर्तमान में बने पुलों पर अत्यधिक ट्रैफिक रहता है, जिससे आवागमन में परेशानी होती है। अरपा नदी के पुराने शहर की ओर कई महत्वपूर्ण शासकीय कार्यालय हैं, जबकि कोनी क्षेत्र में बड़े शैक्षणिक संस्थान, विश्वविद्यालय और चिकित्सा केंद्र स्थित हैं। ऐसे में इस पुल के बनने से छात्रों, मरीजों और आम नागरिकों को सुगम आवागमन का लाभ मिलेगा।
ट्रैफिक दबाव होगा कम, वैकल्पिक मार्ग मिलेगा
मंगला-लोधीपारा पुल बनने से बिलासपुर शहर के यातायात को बेहतर दिशा मिलेगी। वर्तमान में कोनी क्षेत्र और अन्य ग्रामीण इलाकों से शहर आने के लिए लोगों को लंबे रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है। नए पुल से इस दूरी में कटौती होगी और यात्रा सुगम होगी। साथ ही, व्यस्त मार्गों पर वाहनों का दबाव कम होगा, जिससे दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।
राज्य सरकार की इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के बाद अब पुल निर्माण की प्रक्रिया जल्द ही शुरू होगी। यह पुल न केवल क्षेत्र के विकास में योगदान देगा बल्कि लाखों लोगों के जीवन को आसान बनाएगा।

