454 स्कूलों में होंगे मरम्मत कार्य 150 नए शौचालय भी बनेंगे…!
97 लाख की मिली मंजूरी तुरंत होगा काम शुरू●●●
बिलासपुर-{जनहित न्यूज} बिलासपुर जिले के सरकारी स्कूलों में शौचालयों की दुर्दशा को लेकर उच्च न्यायालय बिलासपुर ने गंभीर रुख अपनाया है। स्थानीय समाचार पत्रों में छपी खबरों पर स्वत: संज्ञान लेते हुए अदालत ने इसे जनहित याचिका के रूप में स्वीकार किया और तत्काल सुधार के निर्देश दिए। इसके तहत 454 स्कूलों के टॉयलेटों की मरम्मत और 150 नए शौचालयों के निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई है।
97 लाख की मंजूरी तुरंत होगा काम शुरू
जिला प्रशासन ने हाईकोर्ट के आदेशों का पालन करते हुए तत्काल कार्ययोजना तैयार की है। कलेक्टर अवनीश शरण के निर्देश पर
97 लाख रुपये की स्वीकृति से 454 शौचालयों की मरम्मत होगी।
1.51 करोड़ रुपये की मंजूरी से 150 नए शौचालयों का निर्माण किया जाएगा।
प्रत्येक नए टॉयलेट के निर्माण पर 1-2 लाख रुपये खर्च होंगे।
मरम्मत के लिए प्रति टॉयलेट 25 से 40 हजार रुपये तक का बजट तय किया गया है।
नगर निगम, जनपद और नगर पंचायत को मिली जिम्मेदारी
शौचालयों के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की निगरानी और क्रियान्वयन की जिम्मेदारी नगर निगम, जनपद पंचायत एवं नगर पंचायत को सौंपी गई है।
किन इलाकों में होंगे सुधार कार्य?
नए शौचालय निर्माण में कोटा, मस्तूरी, बिल्हा, तखतपुर, बोदरी नगर पंचायत और नगर निगम बिलासपुर के स्कूल शामिल हैं।
शौचालय मरम्मत कार्य में कोटा, रतनपुर, बिल्हा, बोदरी, बिलासपुर नगर निगम, तखतपुर और मस्तूरी के स्कूल शामिल हैं।
बच्चों को मिलेगी स्वच्छता की बेहतर सुविधा
सरकारी स्कूलों में शौचालयों की खराब स्थिति, साफ-सफाई की कमी, और पानी की अनुपलब्धता लंबे समय से एक गंभीर समस्या रही है। कई स्कूलों में टॉयलेट टूट-फूट चुके हैं, जिससे छात्र-छात्राओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। इस योजना से अब स्थिति में बड़ा सुधार होगा।
कलेक्टर ने दिए निर्देश कार्य में न हो विलंब!
कलेक्टर अवनीश शरण ने कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि बच्चों को जल्द से जल्द बेहतर सुविधाएं मिल सकें। नगर निगम और पंचायतों को समय सीमा में कार्य पूरा करने की सख्त हिदायत दी गई है।
न्यायपालिका और प्रशासन का सराहनीय कदम
हाईकोर्ट और जिला प्रशासन की तत्परता से अब सरकारी स्कूलों में बेहतर स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं का विकास होगा। यह कदम छात्रों के स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति एक महत्वपूर्ण बदलाव लेकर आएगा।

