पुलिस का विशेष अभियान: 300 से अधिक संदिग्धों की जांच में 20 बदमाशों की हुई तस्दीक…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़} शहर में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और आपराधिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से बिलासपुर पुलिस ने 27 अप्रैल 2025 को एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राजेन्द्र कुमार जायसवाल के नेतृत्व में इस अभियान को अंजाम दिया गया।

अभियान के तहत तोरवा, तारबाहर, सिविल लाइन, सरकंडा और सिरगिट्टी थाना क्षेत्रों में सघन जांच की गई। इस दौरान बाहरी राज्यों से आए संदिग्ध व्यक्तियों और शहर के सक्रिय बदमाशों पर विशेष ध्यान दिया गया।

कार्रवाई में 300 से अधिक संदिग्धों की पहचान की गई और उनकी निवास जानकारी, दस्तावेजों तथा गतिविधियों का विधिवत परीक्षण किया गया।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अधिकांश संदिग्ध पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद, उत्तर 24 परगना, मिदनापुर जिलों तथा उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से बिलासपुर पहुंचे हैं।

इन सभी व्यक्तियों से गहन पूछताछ की जा रही है और उनका आपराधिक रिकॉर्ड ICJS पोर्टल के माध्यम से खंगाला जा रहा है। साथ ही, फिंगरप्रिंट्स लेकर डाटाबेस से मिलान की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

इस विशेष अभियान के दौरान 20 से अधिक सक्रिय गुंडे-बदमाशों की भी तस्दीक की गई। जिन व्यक्तियों के पास उचित दस्तावेज नहीं मिले, जिनकी गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं।

या जिनके खिलाफ किसी अपराध में संलिप्तता का संदेह है, उनके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस तरह के अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे ताकि शहर में शांति एवं कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखा जा सके।

