फिर खुद को भी किया लहूलुहान
वारदात से मचा हड़कंप…
आरोपी पति गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती…
रायपुर-[जनहित न्यूज़] राजधानी रायपुर के डूमरतराई स्थित साहूपारा में रविवार सुबह एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या से सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पति ने अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी पति ने खुद पर भी चाकू से वार कर आत्महत्या की कोशिश की। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतकों की पहचान खिलेश्वरी साहू, आशीष साहू (10) और ज्ञान साहू (8) के रूप में हुई है। वहीं घायल आरोपी पति की पहचान भुनेश्वर साहू के रूप में बताई जा रही है।
देर रात विवाद के बाद सुबह बिछ गईं तीन लाशें
प्रारंभिक पुलिस जानकारी के मुताबिक बालोद निवासी भुनेश्वर साहू अपनी पत्नी और दोनों बच्चों के साथ डूमरतराई के साहूपारा में किराए के मकान में रह रहा था। बताया जा रहा है कि देर रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और आरोपी ने कथित तौर पर पत्नी खिलेश्वरी साहू पर चाकू से हमला कर दिया।

इसके बाद उसने अपने दोनों बच्चों आशीष और ज्ञान पर भी चाकू से हमला कर दिया। हमले में पत्नी और दोनों बच्चों की मौत हो गई। तीनों की हत्या के बाद आरोपी ने खुद को भी चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर लिया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही माना थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अंबेडकर अस्पताल (मेकाहारा) में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मेकाहारा भेज दिया है। फिलहाल घटना के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है। घरेलू विवाद को घटना की प्रारंभिक वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी।
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से साहूपारा में मातम पसरा हुआ है और पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

