संभागायुक्त सुनील जैन IG रामगोपाल गर्ग और SSP भोजराम पटेल ने विधिवत किया प्रवेश…
मुंगेली-[जनहित न्यूज़] सरगांव क्षेत्र में पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। ग्राम मदकूद्वीप में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 66.52 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन थाना भवन सरगांव का लोकार्पण किया। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस नए भवन से पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को बेहतर कार्यस्थल मिलने के साथ ही आमजन को भी अधिक सुविधाजनक एवं प्रभावी पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

लोकार्पण के पश्चात बिलासपुर संभागायुक्त सुनील जैन, पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली भोजराम पटेल ने नवीन थाना भवन में विधिवत प्रवेश किया। वरिष्ठ अधिकारियों ने भवन के विभिन्न कक्षों एवं उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया तथा थाना के प्रथम रोजनामचा लेखन कार्य की प्रक्रिया पूरी की।

हर महत्वपूर्ण कार्य के लिए अलग कक्ष
नवीन थाना भवन को पुलिसिंग कार्यों के सुचारू और व्यवस्थित संचालन की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

भवन में थाना प्रभारी, मोहर्रिर, महिला हेल्पलाइन, शस्त्रागार, ड्यूटी अधिकारी, मालखाना, पुलिस स्टाफ एवं स्टोर रूम के लिए पृथक-पृथक कक्ष बनाए गए हैं। इसके अलावा महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग हवालात की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

अलग-अलग शाखाओं एवं कार्यों के लिए पृथक कक्ष होने से पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों के निर्वहन में सुविधा मिलेगी। इससे थाना की आंतरिक कार्यप्रणाली अधिक व्यवस्थित होने के साथ पुलिसिंग कार्यों में भी सुगमता आने की उम्मीद है।

कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण में मिलेगी मजबूती:-
नवीन थाना भवन के माध्यम से सरगांव क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, पुलिसिंग कार्यों के प्रभावी संचालन तथा आमजन को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी। सुविधायुक्त भवन से पुलिस कर्मियों के कार्य वातावरण में सुधार के साथ नागरिकों से जुड़े मामलों के निराकरण में भी बेहतर व्यवस्था विकसित होने की संभावना है।

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, थाना प्रभारी सरगांव अशोक यादव सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

