बीच बचाव में आए परिवार के सदस्यों पर
लोहे की रॉड से किया ताबड़तोड़ वार आरोपी तीन दिन बाद गिरफ़्तार…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़} बिलासपुर (मस्तूरी): थाना मस्तूरी क्षेत्र के गतौरा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर लोहे के पट्टीनुमा रॉड से जानलेवा हमला किया गया। घटना के महज तीन दिन बाद ही पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ़्तार कर लिया है और हमला करने में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया है।
घटना 22 मई 2025 की है, जब पीड़ित शशिकांत (उम्र 20 वर्ष) अपने पिता संतोष कांत के साथ किराना दुकान में मौजूद था। दोपहर करीब 4 बजे समुद्र खांडे नामक व्यक्ति नशे की हालत में दुकान पहुंचा और बिना पैसे दिए पानी पाउच लिया। जब पीड़ित परिवार ने विरोध किया तो आरोपी ने पहले गाली-गलौज और धमकी दी, फिर अपने घर जाकर अपने भाई सुमेन्द्र खांडे को लेकर वापस लौटा। इसके बाद शाम करीब 6:30 बजे आरोपी शिव खांडे (उम्र 28 वर्ष) ने लोहे के रॉड से शशिकांत के सिर पर जानलेवा हमला कर दिया जिससे वह खून से लथपथ होकर गिर पड़ा।
हंगामा सुनकर पीड़ित की मां अशोक बाई और चाचा सतराम कांत मौके पर पहुंचे तो हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की। हमले में पीड़ित को गंभीर चोटें आई हैं और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना मस्तूरी पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी शिव खांडे को उसके घर से गिरफ़्तार कर लिया। आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त लोहे का पट्टीनुमा रॉड भी जप्त किया गया है। आरोपी ने पूछताछ में अपराध करना स्वीकार किया है। उसे 25 मई 2025 को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

अधिकारियों की सतर्कता व त्वरित कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती अर्चना झा तथा उप पुलिस अधीक्षक (मस्तूरी) एल.सी. मोहले के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। इस महत्वपूर्ण गिरफ्तारी में थाना प्रभारी हरिशचंद्र टाण्डेकर, उप निरीक्षक सुजान जगत एवं आरक्षक देव सहाय जायसवाल की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

