26.74 लाख की ऑनलाइन ठगी का किया बड़ा खुलासा…उड़ीसा से तीन अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़} बिलासपुर शासन-प्रशासन और पुलिस की लगातार चेतावनियों के बावजूद साइबर ठगी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। थाना रेंज सायबर बिलासपुर की टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है, जहां बैंक अधिकारी बनकर KYC अपडेट कराने के बहाने 26.74 लाख रुपये की ठगी करने वाले तीन अंतरराज्यीय आरोपियों को उड़ीसा से गिरफ्तार किया गया है। डॉ. संजीव शुक्ला (भा.पु.से.), पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज, और रजनेश सिंह (भा.पु.से.), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के निर्देशन में साइबर अपराधियों पर निरंतर कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में थाना सकरी जिला बिलासपुर में दर्ज अपराध क्रमांक 936/2024 के तहत आरोपियों की धरपकड़ की गई।

गिरफ्तार आरोपी:
कृष्णा लूहा (42 वर्ष), निवासी सोनेपुर, उड़ीसा
गुलेख कुम्हार (40 वर्ष), निवासी सोनेपुर, उड़ीसा पंकज कुमार खैतान (44 वर्ष), निवासी राउरकेला, उड़ीसा इन तीनों ने प्रार्थी जॉनसन एक्का को कॉल कर स्वयं को बैंक अधिकारी बताया और KYC अपडेट करने के नाम पर उसकी बैंकिंग जानकारी व ओटीपी लेकर उसके खाते से लोन स्वीकृत कराकर रकम ठगी। फर्जी सिम और बैंक खातों का इस्तेमाल कर रकम ट्रांसफर की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अलग-अलग गिरोह के साथ मिलकर इस प्रकार की ठगी करते हैं। आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर बिलासपुर लाकर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
बिलासपुर पुलिस की अपील…
किसी भी अनजान कॉल, लिंक या संदेश से सावधान रहें। ओटीपी, बैंकिंग जानकारी, आधार/पैन नंबर किसी से साझा न करें। अज्ञात वेबसाइट, ऐप्स और ग्रुप्स से बचें। अधिक मुनाफा या डबल रकम का झांसा देने वालों से सतर्क रहें।
किसी भी साइबर अपराध की घटना की तत्काल रिपोर्ट करें। साइबर ठगी की शिकायत कहां करें? नजदीकी थाना में शिकायत दर्ज कराएं।
हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।
cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें। बिलासपुर पुलिस की यह कार्यवाही न केवल एक बड़ी सफलता है, बल्कि आम नागरिकों के लिए एक चेतावनी भी है कि सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और साइबर अपराधियों से खुद को बचाएं।

