सघन चेकिंग अभियान में कुल 22 वाहनों पर की गई कार्रवाई…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}बिना नंबर प्लेट व फर्जी नंबरों से वाहन चलाने वालों को लग रहा था कि वे कानून की तीसरी नजर
से बच निकलेंगे लेकिन अब ऐसा नहीं चलेगा। बिलासपुर पुलिस ने शुक्रवार शाम रिवर व्यू क्षेत्र में ऐसा ही एक बड़ा अभियान चलाकर स्पष्ट संकेत दे दिया है। अब चालाकी नहीं जवाबदेही चलेगी।

शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक चली सघन चेकिंग के दौरान पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर बिना नंबर और संदिग्ध वाहनों की बारीकी से जांच की। कार्रवाई में 5 बिना नंबर प्लेट
की बाइक को बीएनएसएस की धारा 106 के तहत जब्त किया गया। इन सभी वाहनों पर कोई पहचान चिह्न नहीं था और इनका उपयोग आपराधिक गतिविधियों में होने की आशंका जताई गई है। इन मामलों में आगे की जांच जारी है।

इसके अलावा आज 17 अन्य वाहनों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई। इनमें से कुछ वाहन बिना नंबर प्लेट के थे तो कुछ ने फर्जी या गलत ढंग से लगाए गए नंबर प्लेट का इस्तेमाल किया था।

अब Zero Tolerance नीति के तहत बिना नंबर, छेड़छाड़ किए हुए या फर्जी नंबर वाले वाहनों पर न सिर्फ चालान बल्कि आपराधिक प्रकरण भी दर्ज किए जाएंगे।

बिलासपुर पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहन पर मानक, स्पष्ट और वैध नंबर प्लेट लगाएं। कोई भी व्यक्ति यदि जानबूझकर नियमों से बचने के लिए नंबर प्लेट हटाता है या फर्जी नंबर का प्रयोग करता है, तो उसे अब सख्त सजा भुगतनी होगी।

यह सघन अभियान न सिर्फ सड़क सुरक्षा बल्कि अपराध नियंत्रण की दिशा में भी एक सशक्त कदम माना जा रहा है।
अब नियम तोड़ने वालों को न कानून बख्शेगा न पुलिस की तीसरी नजर।

