दो अलग-अलग मामलों में दोनो आरोपी गिरफ्तार….!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज] सरकण्डा थाना क्षेत्र में नाबालिक बालिकाओं एवं छात्राओं से छेड़छाड़ के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। दोनों मामलों में पुलिस की तत्परता और सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर विश्वास मजबूत हुआ है।
पहला मामला…

23.09.2025 को एक प्रार्थिया ने थाना सरकण्डा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी नाबालिक पुत्री (कक्षा 9वीं की छात्रा) स्कूल आते-जाते समय मोहल्ले के ही विजय कुमार अतरानी उर्फ अज्जू द्वारा अश्लील इशारे और हरकत से परेशान की जा रही थी। पूर्व में समझाइश देने पर आरोपी ने माफी मांगी थी, लेकिन 22.09.2025 को पुनः उसने नाबालिक को अश्लील हरकत करते हुए मोबाइल व पैसे देने का लालच दिया और विरोध करने पर गाली-गलौज करने लगा।
शिकायत पर थाना सरकण्डा पुलिस ने आरोपी विजय अतरानी (उम्र 44 वर्ष, निवासी जबड़ापारा, श्रीराम गली) को उसी दिन रात 9 बजे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा।

दूसरा मामला…
इसी प्रकार सरकण्डा थाना में 23.09.2025 को एक अन्य छात्रा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह Sure Zindagi Girls Hostel में रहकर भारत टेंट हाउस में सिलाई का काम करती है। 22.09.2025 की रात करीब 9 बजे काम से लौटने के बाद हॉस्टल में सो रही थी, तभी तड़के सुबह करीब 5 बजे हॉस्टल संचालक गुरमीत सिंह उसके कमरे में घुस आया और अश्लील हरकत करने लगा। विरोध करने पर भी वह छेड़छाड़ करता रहा, जिससे बचने के लिए छात्रा ने उसके हाथ में काट लिया। पीड़िता अनुसूचित जाति वर्ग की होने से मामले में एससी/एसटी एक्ट भी जोड़ा गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी गुरमीत सिंह (उम्र 63 वर्ष, निवासी लिंगियाडीह) को उसी दिन दोपहर 3.45 बजे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा।
पुलिस ने दिखाई तत्परता दोनों मामलों की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) ने आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई करने निर्देश दिए। जिनके पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर राजेन्द्र जायसवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सरकण्डा निरीक्षक निलेश कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की।

