मुंगेली पुलिस की “पहल” स्कूल में 756 विद्यार्थियों के बीच जागरूकता की जगाई अलख…! समाज को सकारात्मक दिशा देने बनी अनूठी मिसाल…!
मुंगेली-{जनहित न्यूज़}
मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के सक्रिय मार्गदर्शन और दूरदर्शी सोच के तहत मुंगेली पुलिस ने आज एक प्रेरणादायक कदम उठाया। चौकी खुड़िया स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में ‘‘पहल’’ नामक जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें 756 विद्यार्थी, 200 से अधिक पुलिस कर्मी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए।
कार्यक्रम की गरिमा डीएसपी संजय साहू, चौकी प्रभारी माधव टांडिया, विद्यालय प्राचार्य एस.पी. मरावी, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सिंदराम तथा अन्य सम्मानित नागरिकों की उपस्थिति से और भी बढ़ गई।

“पहल” का मूल उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों में सामाजिक, कानूनी और नैतिक जागरूकता बढ़ाना था ,ताकि वे अपराध, नशे, साइबर फ्रॉड और सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर एक सशक्त और जिम्मेदार नागरिक बन सकें।
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि आधुनिक तकनीक के इस युग में सतर्क रहना और कानून की जानकारी रखना क्यों जरूरी है।

उन्होंने यह भी समझाया कि हर युवा अपने आस-पास के लोगों को जागरूक कर समाज में सकारात्मक परिवर्तन की शुरुआत खुद कर सकता है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पुलिस अधिकारियों से खुलकर सवाल पूछे और संवाद के माध्यम से अपने संदेह दूर किए। प्रश्नोत्तर सत्र, प्रेरक भाषणों और गतिविधियों से छात्रों में आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना का संचार हुआ।

पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल की इस पहल ने एक बार फिर यह साबित किया कि मुंगेली पुलिस केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के नैतिक और शैक्षणिक उत्थान के लिए भी निरंतर प्रयासरत है।

यह आयोजन न केवल विद्यालय परिसर तक सीमित रहा, बल्कि आसपास के गांवों में भी सुरक्षा, जागरूकता और सामाजिक एकजुटता का संदेश फैलाने वाला साबित हुआ। “पहल” कार्यक्रम ने पुलिस-जनता के बीच विश्वास का सेतु मजबूत किया है, जो समाज में शांति, सौहार्द और जिम्मेदारी की नई दिशा तय करेगा।

