ऑपरेशन बाज की एक बार फिर तगड़ी चोट…! बोड़तरा में दबोचा गया सट्टेबाज़ नकदी मोबाइल ज़ब्त आरोपी जेल दाखिल…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर/मुंगेली। जिले में सट्टा पर पूर्ण नकेल कसने चल रहे ऑपरेशन बाज के तहत मुंगेली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चिल्फी थाना क्षेत्र के ग्राम बोड़तरा में सक्रिय सटोरिया संदीप उर्फ पंकज यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
ग्राम बोड़तरा नहर पुल के पास आम लोगों को रुपयों का लालच देकर अंकों पर दांव लगाने और कागज व मोबाइल में सट्टा पट्टी लिखते आरोपी को रंगेहाथ पकड़ा गया। टीम ने उसके कब्जे से 1960 रुपये नकद, सट्टा पट्टी की लाइनदार कागज, एक डॉट पेन तथा लगभग 4000 रुपये कीमत का मोबाइल फोन जब्त किया। कुल जप्ती रकम 5960 रुपये है।

थाना चिल्फी में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 187/25, धारा 6 छ.ग. जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर 11 दिसंबर को न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकार्ड भी संलग्न किया गया है।
सभी थाना/चौकी प्रभारियों को जिले में सट्टा, जुआ और अन्य अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने आम जनता से अवैध कारोबार, जुआ-सट्टा एवं शराब से संबंधित सूचनाएं देने की अपील की है, साथ ही सूचना देने वालों का नाम पूर्णतः गोपनीय रखने का आश्वासन दिया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक रघुवीर चन्द्रा, साइबर सेल प्रभारी सुशील बंछोर, प्रधान आरक्षक नरेश यादव, सिद्धेश्वर बंजारे और आरक्षक परमेश्वर जांगड़े की विशेष भूमिका रही।

