हालात ऐसे बने एक ही दिन में तीन-तीन उठी अर्थियाँ….!
उजड़ गया पूरा परिवार…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज]
तखतपुर थाना क्षेत्र में सोमवार का दिन मानो एक परिवार के लिए never-forget होने वाला काला दिन साबित हुआ। हालात ऐसे बने कि गांव अरईबंद में एक ही दिन में तीन-तीन अर्थियाँ उठ गईं। कुदरत के इस निर्मम प्रहार को जिसने भी सुना, उसकी रूह कांप उठी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम अरईबंद निवासी इंद्राबाई बंजारे की तबीयत अचानक बिगड़ने पर परिजन उन्हें उपचार के लिए तखतपुर ला रहे थे। इसी दौरान शाम करीब 4 बजे दुपहिया वाहन से गिरने पर गंभीर चोट आई और उपचार के पहले ही उनकी मौत हो गई। गांव में शोक की लहर थी, लेकिन अभी परिवार इस सदमे से उबरा भी नहीं था कि कुछ ही घंटों बाद दूसरा बड़ा हादसा हो गया।

इंद्राबाई के निधन की सूचना मिलने पर उनका पुत्र संत बंजारे पिता सुखचैन, अपने मित्र जितेंद्र बंजारे पिता गोरेलाल के साथ तखतपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा था। मां को अंतिम बार देखने के बाद दोनों युवक रात में अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में ग्राम खपरी के पास खड़े ट्रक से उनकी दुपहिया गाड़ी करीब 9 बजे जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

कुछ ही घंटों के अंतराल में मां-बेटे और उसके मित्र की मौत की खबर से अरईबंद गांव में मातम पसरा हुआ है। हर कोई यही कह रहा है कि ऐसा कहर कभी नहीं देखा… एक ही दिन में पूरा परिवार टूट गया।

गांव में माहौल पूरी तरह गमगीन है। तीन अर्थियों को एक साथ उठते देख हर आंख नम हो गई। लोग इस दुखद घटना को कुदरत की सबसे बड़ी विडंबना और असहनीय प्रहार बता रहे हैं।

