आधार नामांकन एवं अपडेट कराने अब हर रविवार को भी मिलेगी सुविधा…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
आधार कार्ड से जुड़ी आम नागरिकों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए भारतीय डाक विभाग ने एक सराहनीय और जनहितकारी पहल की है। आधार नामांकन एवं अपडेट की सुविधा को और अधिक सुलभ बनाने के उद्देश्य से अब यह सेवाएं नियमित कार्यदिवसों के साथ-साथ प्रत्येक रविवार को भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
इस विशेष व्यवस्था के तहत प्रधान डाकघर बिलासपुर, प्रधान डाकघर जांजगीर एवं प्रधान डाकघर कोरबा में आधार नामांकन एवं अपडेट की सुविधा दी जा रही है। प्रधान डाकघर बिलासपुर में कार्यदिवसों के दौरान यह सेवा प्रातः 8 बजे से रात्रि 8 बजे तक संचालित की जा रही है, जिससे नौकरीपेशा और व्यस्त नागरिकों को भी बड़ी राहत मिली है।
अब जिन नागरिकों का आधार अब तक नहीं बना है, वे नया आधार कार्ड बनवा सकते हैं। वहीं आधार कार्ड में नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, बायोमेट्रिक एवं केवाईसी से संबंधित सुधार एवं अपडेट का कार्य निर्धारित शुल्क पर किया जाएगा। विशेष रूप से 5 वर्ष एवं 15 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट निःशुल्क किया जाएगा, जो अभिभावकों के लिए बड़ी सुविधा साबित हो रही है।

डाक विभाग ने आम नागरिकों से इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। डाकघर अधीक्षक ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को सुगम, सुलभ एवं समयबद्ध आधार सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि आधार से जुड़ी परेशानियों का त्वरित समाधान हो सके।
डाक विभाग की यह पहल निश्चित रूप से आमजन के लिए राहतभरी साबित हो रही है और जनहित में एक सराहनीय कदम के रूप में देखी जा रही है।

